
नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार को गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो सकता है। मौसम विभाग ने लू के साथ राजधानी में तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की आशंका जतायी है।दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो समान्य से एक डिग्री कम है। जबकि सुबह 8:30 बजे तक उमस 25 प्रतिशत थी।आईएमडी के अनुसार, यहां के अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है।राजधानी में विभिन्न जगहों पर रविवार को तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा। मुंगेशपुर में तापमान समान्य से सात डिग्री ऊपर 47.3 डिग्री सेल्सियस रहा जिससे यह इलाका दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा था।इसी तरह पितमपुरा और नजफगढ़ में तापमान क्रमशः 46.6 और 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी मौसम संबंधी चेतावनियों के लिए चार रंगों-‘ग्रीन’ (हरा), ‘येलो’ (पीला), ‘ऑरेंज’ (नारंगी) और ‘रेड’ (लाल) के कोड का इस्तेमाल करता है। ‘ग्रीन’ का अर्थ है कि कोई कदम उठाने की आवश्यकता नहीं है। ‘येलो’ कोड का अर्थ है कि ताजा जानकारी पर नजर रखिए। ‘ऑरेंज’ कोड का अर्थ है कि तैयार रहिए और ‘रेड’ कोड का अर्थ है कि कदम उठाइए।
विभाग ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं और सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 25 प्रतिशत दर्ज की गई। दिल्ली के कई हिस्सो में रविवार को लू चली और छह स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।
सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 43.9 डिग्री और शुक्रवार को 42.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक यानी 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह राष्ट्रीय राजधानी में सबसे गर्म स्थान रहा। (भाषा)
Published : 6 June 2022, 4:42 PM IST
Topics : Delhi Heat wave IMD Weather Update तापमान दिल्ली भीषण गर्मी मौसम विज्ञान लू