Weather Update: कश्मीर में ठंड का सितम जारी

पूरे कश्मीर में रात का न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोगों को बहुत परेशानी हुई। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 19 December 2023, 1:39 PM IST
google-preferred

श्रीनगर: पूरे कश्मीर में रात का न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोगों को बहुत परेशानी हुई। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सोमवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.5 डिग्री सेल्सियस से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम है।

उन्होंने बताया कि बारामुला जिले के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम था।

अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि काजीगुंद में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग में शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों ने घाटी में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।

उन्होंने बताया कि तापमान में अचानक गिरावट के कारण धीमी गति के बहाव वाले कई जलस्रोत जम गए हैं तथा तापमान में गिरावट के कारण बच्चों और बुजुर्गों में श्वसन संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं।

कश्मीर के कई इलाकों में बिजली की समस्या होने की वजह से लोगों को ‘कांगड़ी’ का इस्तेमाल करते देखा गया। जम्मू और कश्मीर के लोग ख़ुद को कांगड़ी से गर्म रखते हैं। कांगडी लकड़ी की टोकरी के अंदर रखा एक मिट्टी का बर्तन होता है, जिसमें चारकोल जलाया जाता है। कड़कड़ाती ठंड में यह एक पोर्टेबल और मूवेवल हीटर की तरह होता है, जिसे ठंड से बचने के लिए कश्मीरी ऊनी कपड़ों के अंदर रखते हैं। ख़ुद को गर्म रखने का कश्मीरियों का यह एक पुराना तरीक़ा है।

Published : 
  • 19 December 2023, 1:39 PM IST

Related News

No related posts found.