
नई दिल्ली: दिल्ली में गर्मी ने एक बार फिर से दस्तक दे दी है, हालांकि बृहस्पतिवार को मौसम में थोड़ी राहत देखी गई। आगामी तीन से चार दिनों में मौसम सुहावना रहने की संभावना है, लेकिन अप्रैल के पहले हफ्ते में फिर से तापमान में वृद्धि होने की चेतावनी जारी की गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को भी साफ आसमान और तेज धूप रहने का पूर्वानुमान जताया है, जिससे गर्मी की स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
दिल्ली के पीतमपुरा क्षेत्र में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री तक पहुंचा, जो कि शहर का सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं, वहां का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 80 से 20 प्रतिशत के बीच देखा गया है।
IMD का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में तापमान में कमी आएगी। आज शुक्रवार के दिन आसमान साफ रहेगा और हवा 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी, जिनकी गति कुछ देर के लिए 35 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 18 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
दिल्ली में गुरुवार शाम चार बजे का वायु गुणवत्ता सूचकांक 259 था, जो खराब श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अगले एक-दो दिन में शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार की भविष्यवाणी की है, जिससे हवा 'मध्यम' श्रेणी में बदलने की संभावना है।
जानें, गाजियाबाद का हाल
गाजियाबाद में भी तापमान बढ़ने के साथ तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा। हालांकि, शाम होते-होते बादलों के छाने और हवा चलने से थोड़ी राहत मिली।
मार्च के अंत में उम्मीद की जा रही है कि तापमान में गिरावट आएगी, जिससे दिल्ली और NCR के लोग गर्मी से थोड़ी राहत महसूस कर सकेंगे। लेकिन, अप्रैल के पहले हफ्ते में फिर से गर्मी बढ़ने का अनुमान है।
Published : 28 March 2025, 7:59 AM IST
Topics : Dynamite News IMD report letest news temperature in delhi Weather News weather update of delhi NCR