
घुघली (महराजगंज): महराजगंज जनपद के घुघली विकास खंड अंतर्गत ग्रामसभा बरवा चमैनिया में नाली निर्माण न होने पर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदारों को तमाम बार लिखित एवं मौखिक सूचित किया जा चुका है लेकिन अब तक समस्या का निदान नहीं हो सका है।
नाली निर्माण न होने से सड़कों पर गंदा पानी बिखरा रहता है। वाहनों के निकलने पर गंदे पानी के छींटे लोगों के कपड़ों पर पड़ जाते हैं जिससे विवाद की भी स्थिति बन जाती है। लोगों ने कहा कि अगर शीघ्र नाली निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो डीएम का घेराव किया जाएगा जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
विरोध करने वालो में गोविन्द,अजय, सुनील, परदेसी, इसरावती, राजवंता, बबलू, दिनेश, सुरेश, मनोज, नाथू, जय नन्द, सुरेश, अखिलेश आदि शामिल रहे।
Published : 9 June 2024, 10:53 AM IST