
फिरोजाबाद: फिरोजाबाद जिले में शिकोहाबाद के कटरा बाजार क्षेत्र में एक गर्भवती महिला ने शुक्रवार दोपहर पुत्र को जन्म दिया।
इससे पूर्व महिला कई अस्पतालों में चिकित्सकों को दिखाने गई थी। इसके उपरांत वह अल्ट्रासाउंड कराने अल्ट्रासाउंड केंद्र गई थी, तभी अचानक हुई प्रसव पीड़ा के कारण उसने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दिया।
इसकी सूचना मिलते ही एसडीएम नरेंद्र सिंह एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद इंदु प्रभा वहां पहुंचीं और महिला को प्रसव के बाद संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद के महिला वार्ड में तत्काल भर्ती कराया गया।
प्रभा ने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद 35 वर्षीय किरण को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जिन चिकित्सकों ने उसे अस्पताल में भर्ती नहीं किया था, उनके खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। महिला और उसका पुत्र दोनों स्वस्थ हैं। (भाषा)
Published : 8 May 2020, 6:47 PM IST
Topics : Firozabad uttar pradesh गर्भवती फिरोजाबाद शिकोहाबाद