
लखनऊ: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर रविवार को विधानसभा उपचुनाव से सम्बन्धित जनपदों के जिला/शहर अध्यक्ष तथा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन संगठन महासचिव अनिल यादव ने किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार बैठक की कार्यवाही शुरू करने से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने स्वतंन्त्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व कांग्रेस सांसद मसूरियादीन पासी की पुण्यतिथि के मौके पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गुरू पूर्णिमा के अवसर पर मौजूद पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी के जन्मदिन की बधाई दी।
अजय राय ने उपस्थित पदाधिकारियों से विधानसभाओं में संगठन को हर स्तर पर मजबूत बनाने एवं होने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बेहतर हो इस पर उनसे सुझाव मांगे।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने जिले की उपचुनाव से सम्बन्धित विधानसभा सीट वार रिपोर्ट दी तथा वहां इंडिया गठबंधन किस प्रकार से अपनी जीत सुनिश्चित कर सके इस पर अपने विचार और सुझाव भी प्रस्तुत किये।
राय ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाई गई भारत जोड़ो यात्रा एवं भारत जोड़ों न्याय यात्रा का प्रतिफल रहा कि देश की जनता सचेत हुई और लोकसभा चुनाव में भाजपा के 400 पार के नारे को विफल करने का काम किया। प्रदेश के छोटे-छोटे दलों का साथ मिला।
अजय राय ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता भाजपा और बसपा को मौका देकर देख चुकी है और अब वह कांग्रेस की ओर आशा भरी निगांहों से देख रही है। हमें पूरी ताकत के साथ चुनाव में मेहनत करने की आवश्यकता है। यह उपचुनाव 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि को मजबूत करेगा।
बैठक के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का जन्मदिन मनाया गया इस अवसर पर श्री राय ने उपस्थित पदाधिकारियों के साथ केक काटकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीर्घायु होने की कामना की।
Published : 21 July 2024, 6:16 PM IST
Topics : Ajay Rai district heads DynamiteNews Lucknow meeting अजय राय उत्तर प्रदेश उपचुनाव कांग्रेस अध्यक्ष लखनऊ