
बलिया: जनपद में बुधवार को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने सरयू नदी किनारे चांदपुर डीएसपी हेड पर मां सरयू नदी का पूजा पाठ कर मां सरयू से लोगों की रक्षा की प्रार्थना की। उन्होंने महाराजपुर गांव के पास सरयू नदी किनारे कराए गए बाढ़ निरोधक कार्यों का निरीक्षण किया। इस बाबत उन्होंने महाराजपुर में पूर्ण हो चुकी दो परियोजनाओं के बारे में अधीक्षण अभियंता से जानकारी ली।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि प्रदेश के अंदर बाढ़ को लेकर हमारी 338 बाढ़ निरोधक परियोजनाएं चल रही हैं। सभी परियोजनाएं लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। जहां-जहां हमारी परियोजनाएं बनी है, वहां भयंकर बाढ़ आ जाए तो भी हम उस गांव को इस बार सुरक्षित रख लेंगे तथा वहां कटान नहीं हो पाएगा।
उन्होंने कहा कि बलिया में भी करीब 12 परियोजनाएं चल रही हैं। गंगा, सरयू व टोंस नदी पर परियोजनाएं चल रही है तथा पूर्ण हो चुकी हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के अंतर्गत किसानों को प्रमाण पत्र भी वितरित किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल, विधायक केतकी सिंह, ज़िलाध्यक्ष संजय यादव, मुख्य अभियंता श्रीधर प्रसाद व विकास सिंह पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया, जय प्रकाश साहू, अजय सिंह, मिथिलेश तिवारी, दिनेश तिवारी आदि मौजूद थे।
Published : 24 July 2024, 8:55 PM IST
Topics : balia Dynamite DynamiteNews Jal Shakti Minister Swatantra Dev उत्तर प्रदेश जलशक्ति मंत्री बलिया सरयू नदी स्वतंत्रदेव