Uttar Pradesh: भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ने बुंदेलखंड का नक्शा बदल दिया, जानिये किसने कही ये बात

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर बुंदेलखंड को ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 20 June 2023, 5:44 PM IST
google-preferred

जालौन: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर बुंदेलखंड को ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाया।

उन्होंने साथ ही दावा किया कि जबसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ सरकार सत्ता में आई है उसने बुंदेलखंड का नक्शा बदल दिया है।

केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर जालौन के उरई स्थित टाउन हाल मैदान में भाजपा ने 'सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण' जनसभा का आयोजन किया था जिसे संबोधित करते हुए मौर्य ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला।

सभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी गुंडों की पार्टी है, इस गुंडों वाली पार्टी को समाप्त करना है।’’

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मौर्य ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मायावती वोट बेचने का काम करती हैं, जनता ने उन्हें जन समर्थन दिया था, मगर मायावती ने वोट को बेचने का काम किया है, हालत यह हो गई है कि इस बार की विधानसभा में एक ही विधायक रह गया है।’’

उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि 23 जून को नीतीश विपक्षियों को एकजुट कर रहे, मगर उनका बिहार में खाता नहीं खुलने वाला है।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने 23 जून को पटना में भाजपा के खिलाफ आगामी लोकसभा चुनाव में रणनीति तैयार करने के लिए विपक्षी नेताओं की बैठक बुलाई है।

मौर्य ने कहा कि बुंदेलखंड पिछली सरकारों में सबसे पिछड़ा इलाका था, मगर जब से 2014 में केंद्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार और प्रदेश में योगी (आदित्यनाथ) की सरकार आई है, पूरे देश में बुंदेलखंड विकास के मामले में सबसे आगे हो गया है।

उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पहले इस इलाके में खनन माफिया, नकल माफिया और शराब माफिया का कब्जा था, मगर जब से भाजपा की ‘डबल इंजन’ की सरकार आई है, तब से माफियाओं ने बुंदेलखंड छोड़ दिया है।

उन्होंने सपा, कांग्रेस और बसपा की पूर्ववर्ती सरकारों पर देश की जनता तथा बुंदेलखंड को लूटने का आरोप लगाया। मौर्य ने कहा कि केंद्र में नौ साल से मोदी सरकार गरीबों, किसानों तथा युवाओं, बेरोजगारों के लिए मसीहा बनकर आई है।

मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए मौर्य ने कहा, ‘‘ पूर्ववर्ती सरकारों में सरकारी पैसों का बंदरबांट होता था, इतना ही नहीं सपा, बसपा, कांग्रेस सिर्फ दलाली करने में लगे रहते थे।’’

उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी पार्टियां एक होकर 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हराने का सपना देख रही हैं, और मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए प्रयासरत हैं, मगर 2019 की तरह इनका गठबंधन फेल हो जाएगा और 2024 में उत्तर प्रदेश की 80 की 80 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी।

Published : 
  • 20 June 2023, 5:44 PM IST

Related News

No related posts found.