Russia Ukraine War: यूक्रेन और रूस 'वॉर' को लेकर अमेरिकी जनरल ने कहा- यूक्रेन से रूसी बलों को बाहर निकालना बहुत ज्यादा मुश्किल

डीएन ब्यूरो

अमेरिका के एक शीर्ष जनरल ने कहा है कि यूक्रेन से रूसी बलों को सैन्य कार्रवाई के जरिए इस वर्ष बाहर निकालना ‘‘बहुत ज्यादा मुश्किल’’ होगा। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

अमेरिकन ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ के अध्यक्ष जनरल मार्क मिले (फाइल फोटो)
अमेरिकन ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ के अध्यक्ष जनरल मार्क मिले (फाइल फोटो)


वाशिंगटन: अमेरिका के एक शीर्ष जनरल ने कहा है कि यूक्रेन से रूसी बलों को सैन्य कार्रवाई के जरिए इस वर्ष बाहर निकालना ‘‘बहुत ज्यादा मुश्किल’’ होगा।

‘अमेरिका ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ के अध्यक्ष जनलर मार्क मिले ने शुक्रवार को कहा कि इसका यह अर्थ नहीं है कि ऐसा नहीं हो सकता या ऐसा नहीं होगा।

जनरल मिले ने जर्मनी में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘सैन्य दृष्टिकोण से मैं अब भी इस बात पर कायम हूं कि इस वर्ष यूक्रेन और रूस के कब्जे वाले यूक्रेन के हर इंच से रूसी सेना को सैन्य कार्रवाई के जरिए बाहर निकालना बहुत मुश्किल होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसका अर्थ यह नहीं है कि ऐसा नहीं हो सकता। इसका यह अर्थ भी नहीं है कि ऐसा नहीं होगा, लेकिन ऐसा करना बहुत अधिक मुश्किल होगा।’’

जनरल मिले ने कहा कि यूक्रेनी बलों को अमेरिका की ओर से दिए जा रहे उपकरणों और प्रशिक्षण की मदद से यूक्रेन के लिए अपने अधिक से अधिक क्षेत्र को आजाद करने के लिए महत्वपूर्ण सामरिक या अभियानगत आक्रामक अभियान चलाना संभव है।

अमेरिका ने रूसी आक्रमण के खिलाफ लड़ाई में यूक्रेन को 2.5 अरब डॉलर की अतिरिक्त सैन्य सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही अमेरिका द्वारा यूक्रेन को दी जाने वाली कुल सैन्य मदद 27.5 अरब डॉलर हो गयी है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस सहायता पैकेज के तहत यूक्रेन को ब्रैडली इंफ्रेंट्री लड़ाकू वाहन, बारुदी सुरंग रोधी वाहन और हमला करने में सक्षम बख्तरबंद कार्मिक वाहन समेत सैकड़ों अतिरिक्त बख्तरबंद वाहन दिए जाएंगे। इस पैकेज में यूक्रेन को अहम अतिरिक्त हवाई रक्षा प्रणाली दी जाएगी जिसमें सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें शामिल हैं।

जनरल मिले ने कहा कि अतीत में हुए कई युद्धों की तरह यूक्रेन और रूस का युद्ध भी ‘‘एक तरह से वार्ता की मेज पर ही खत्म होगा।’’

उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस युद्ध को आज ही समाप्त कर सकते हैं।

मिले ने कहा, ‘‘उन्होंने (पुतिन) इसे शुरू किया... वह इसे आज समाप्त कर सकते हैं, क्योंकि यह रूस के लिए एक पूर्ण तबाही में तब्दील हो रहा है। रूस में बड़ी संख्या में सैनिक हताहत हो रहे हैं और रूसी सेना को कई प्रकार के अन्य नुकसान हो रहे हैं।’’

आठवें यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह की बैठक के समापन के बाद जनरल मिले और अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने जर्मनी में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया था। इस समूह में 50 से अधिक देशों के नेता शामिल हैं।

ऑस्टिन ने कहा, ‘‘रूस की निर्दयता बढ़ने के साथ ही इस समूह का संकल्प और दृढ़ हो रहा है और आज हुई घोषणाओं से यह स्पष्ट है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कई देशों ने महत्वपूर्ण दान दिया है जिससे यूक्रेन के हवाई क्षेत्र, शहरों एवं नागरिकों की रक्षा करने में मदद मिलेगी। फ्रांस, जर्मनी एवं ब्रिटेन ने यूक्रेन को वायु रक्षा प्रणाली दान की है और इसमें जर्मनी से पैट्रियट बैटरी शामिल है।’’

ऑस्टिन ने कहा कि समूह के सदस्य एक ऐसी दुनिया के लिए खड़े हैं जहां नियम और अधिकार मायने रखते हैं, संप्रभुता का सम्मान किया जाता है और लोग अत्याचार एवं आक्रामकता से मुक्त होकर अपना रास्ता चुन सकते हैं।










संबंधित समाचार