Site icon Hindi Dynamite News

UPSC 2022 Final Result: यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा 2022 का फाइनल परिणाम घोषित, इशिता किशोर बनी टॉपर

संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सर्विस परीक्षा 2022 के अंतिम परिणाम आज घोषित कर दिये गये हैं। इशिता किशोर इस बार की टॉपर बनीं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
UPSC 2022 Final Result: यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा 2022 का फाइनल परिणाम घोषित, इशिता किशोर बनी टॉपर

नई दिल्ली: यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा 2022 के अंतिम परिणाम आज मंगलवार को जारी कर दिये गये हैं। इशिता किशोर ने इस बार सिविल सेवा परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी। टॉप चार में लड़कियां शामिल हैं।

टॉपर बनीं इशिता किशोर दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से इकॉनमिक्स ग्रेजुएट है।

सिविल सेवा परीक्षा में दूसरे स्थान पर गरिमा लोहिया और तीसरे स्थान पर उमा हरति एन रहे। चौथा स्थान स्मृति मिश्रा, पांचवे पर मयूर हजारिका और छठवा स्थान गहना नव्या जेम्स ने हासिल किया। 

इस बार कुल 933 कैंडिडेट्स को नियुक्ति के लिए चयनित किया गया है। इनमें से 345 कैंडिडेट्स अनारक्षित, 99 EWS, 263  OBC, 154 SC तथा 72 ST कैटेगरी से हैं। 178 कैंडिडेट्स की रिज़र्व लिस्‍ट भी तैयार की गई है। IAS पदों पर चयन के लिए 180 कैंडिडेट्स शॉर्टलिस्‍ट हुए हैं। 

यूपीएससी ने कहा कि 933 उम्मीदवारों-613 पुरुषों और 320 महिलाओं ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 उत्तीर्ण की है। शीर्ष 25 रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों में 14 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं।

यूपीएससी ने कहा कि शीर्ष 25 सफल उम्मीदवारों ने एंथ्रोपोलॉजी, वाणिज्य और लेखा, अर्थशास्त्र, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कानून, इतिहास, गणित, राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध, दर्शनशास्त्र, समाजशास्त्र और प्राणी विज्ञान जैसे विषयों को लिखित (मुख्य) परीक्षा में अपनी वैकल्पिक पसंद के रूप में चुना है।

सिविल सेवा परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.upsc.gov.in पर फाइनल रिजल्‍ट चेक कर सकते हैं।

यूपीएससी द्वारा सिविल सेवा परीक्षा सालाना तीन चरणों में आयोजित की जाती है, जिनमें अभ्यर्थियों को प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार से गुजरना होता है। इस परीक्षा के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) समेत अन्य सेवाओं के अधिकारियों का चयन किया जाता है।

Exit mobile version