मुजफ्फरनगर: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात इनामी बदमाश ढेर, दो घायल

पुलिस ने 50 हजार के कुख्यात इनामी बदमाश फुरकान को एक मुठभेड़ में मार गिराया। इस मुठभेड़ पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे फुरकान के दो साथी बदमाशों को पुलिस ने 2-3 घंटे बाद शाहपुर में एक अन्य मुठभेड़ में घायल कर दिया। इन दोनो मुठभेड़ के दौरान एक एसआइ और 2 सिपाही घायल हो गए। इन बदमाशों के खिलाफ कई पुलिस थानो में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 23 October 2017, 11:29 AM IST
google-preferred

मुजफ्फरनगर: बुढ़ाना क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ में पुलिस और एसटीएफ टीम ने 50 हजार के कुख्यात इनामी बदमाश फुरकान को मार गिराया। इस मुठभेड़ में पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे फुरकान के दो साथी बदमाशों को पुलिस ने 2-3 घंटे बाद शाहपुर में एक अन्य मुठभेड़ में घायल कर दिया। दोनो मुठभेड़ों के दौरान एक एसआइ और 2 सिपाही घायल हो गए। मारे गये फुरकान के खिलाफ शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और बागपत में 3 दर्जन से अधिक लूट-डकैती के मुकदमे दर्ज है। 

 मारा गया बदमाश फुरकान (फाइल फोटो)

घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाशों को भी पुलिस ने जिला चिकित्सालय में भर्ती करा दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायल बदमाशों के नाम अनीश निवासी तीतरवाडा जनपद शामली और राहुल सिंह निवासी बहादुरगढ़ हरियाणा है। राहुल पर 25 हजार का इनाम भी घोषित है।

जानकारी के मुताबिक बुढ़ाना पुलिस और एसटीएफ मेरठ के बीती रात लगभग 11 बजे सूचना मिली कि कुछ बदमाश कुरथल मार्ग पर नहर पुलिया के पास लूटपाट की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की और उन्हें समर्पण करने को कहा। इसी बीच बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश फुरकान मारा गया। इस मुठभेड़ में एसआइ आदेश त्यागी व एक सिपाही हरविंदर सिंह भी जख्मी हो गए। मुठभेड़ के दौरान फुरकान के दो साथी भागने में सफल रहे।

मुठभेड़ के दौरान फरार हुए इनामी बदमाश के दोनों साथियों को 2 घंटे बाद पुलिस ने बुढ़ाना से 15 किलोमीटर उस समय पकड़ा, जब वो एक ढाबे पर खाना खा रहे थे। पुलिस को देखकर दोनों शातिर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी और फायरिंग करते हुए जंगलों में घुस गए। शाहपुर में पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए दोनों बदमाश को मुठभेड़ में घायल किया। इस दौरान मुठभेड़ में सिपाही धर्मेंद्र सिंह घायल हो गया। घायल बदमाशों को पुलिस ने चिकित्सालय में भर्ती कराया है। 

एसपी देहात अजय सहदेव ने बताया कि मारा गया बदमाश शामली के कैराना का रहने वाला था। हाल में वह बड़ौत में रह रहा था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर 50 हजार का इनाम था। पुलिस ने मौके से एक बाइक, पिस्टल व तमंचा बरामद किया।
 

No related posts found.