केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना, इतिहास को देखने ‘नजरिया’ नेहरू-गांधी परिवार तक सीमित

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने स्कूली पाठ्यपुस्तकों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार पर पाठ हटाने संबंधी खबरों को लेकर शुक्रवार को कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इतिहास पर पार्टी के विचार नेहरू-गांधी परिवार तक सीमित हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 9 June 2023, 5:34 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने स्कूली पाठ्यपुस्तकों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार पर पाठ हटाने संबंधी खबरों को लेकर शुक्रवार को कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इतिहास पर पार्टी के विचार नेहरू-गांधी परिवार तक सीमित हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने इस कथित कदम को ध्यान आकर्षित करने का कांग्रेस ‘हथकंडा’ करार दिया और आरोप लगाया कि ‘परिवार’ का हिस्सा ना होने वाले लोगों के नाम हटाने के लिए देश के इतिहास को फिर से लिखने का कांग्रेस का एक लंबा इतिहास रहा है।

कर्नाटक के प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्री मधु बंगारप्पा ने बृहस्पतिवार को कहा था कि छात्रों के हित में इस साल ही स्कूली पाठ्यपुस्तकों में संशोधन किया जाएगा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार बंगारप्पा ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से बात करते हुए यह भी संकेत दिया था कि पाठ्यपुस्तक संशोधन का प्रस्ताव संभवत: अगली बैठक में मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा।

पिछली भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई पाठ्यपुस्तकों से कुछ पाठों को हटाने की योजना के बारे में पूछे जाने पर हालांकि उन्होंने विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी। पाठ्यपुस्तकों में आरएसएस के संस्थापक हेडगेवार पर भी एक अध्याय शामिल है।

कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य चंद्रशेखर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मेरा उन पर कोई नियंत्रण नहीं है कि वे क्या करते हैं या क्या कहते हैं... यह (एक पाठ हटाने का कदम) बिल्कुल गलत है। यह उनके डीएनए में है और जो कोई भी वंशवाद का हिस्सा नहीं है, उसे इतिहास से बाहर निकालने का इरादा रखते हैं।’’

उन्होंने कहा कि इतिहास को देखने का उनका ‘नजरिया’ नेहरू-गांधी परिवार तक ही सीमित है।

चंद्रशेखर ने हेडगेवार पर एक पाठ हटाने के कर्नाटक सरकार के कथित कदम को ‘भारत के युवाओं के खिलाफ अपराध’ बताया और कहा कि छात्रों को भारत के बारे में सच्चाई से वंचित करने के लिए लोग कांग्रेस को जवाब देंगे।

कांग्रेस ने हाल ही में संपन्न कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र में भाजपा के सत्ता में रहने के दौरान स्कूली पाठ्यपुस्तकों में किए गए बदलावों को रद्द करने का वादा किया था। पार्टी ने राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को रद्द करने का भी वादा किया था।

Published : 
  • 9 June 2023, 5:34 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement