केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सिक्किम के मुख्यमंत्री से मिले, बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की

डीएन ब्यूरो

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र ने रविवार को गंगटोक में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की और राज्य में आई बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। बाढ़ में अब तक 32 लोगों की जान जा चुकी है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सिक्किम के मुख्यमंत्री से मिले
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सिक्किम के मुख्यमंत्री से मिले


नयी दिल्ली:  केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र ने रविवार को गंगटोक में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की और राज्य में आई बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। बाढ़ में अब तक 32 लोगों की जान जा चुकी है।

मिश्र राज्य के तीन-दिवसीय दौरे पर शनिवार को गंगटोक पहुंचे।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक का प्राथमिक एजेंडा हालिया बाढ़ के बाद स्थिति को सामान्य बनाने से संबंधित प्रयासों पर विचार-विमर्श करना था।

दोनों नेताओं ने मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक रणनीतियों पर व्यापक चर्चा की। बयान में कहा गया कि इस दौरान संसाधनों के समन्वय, राहत में मदद और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने मदद के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और बहाली कार्य में तेजी लाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

केंद्रीय मंत्री ने मंगन जिले के नागा में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों को राहत और सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

मिश्र ने फंसे लोगों के लिए बचाव और राहत प्रयासों को प्राथमिकता देने की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित किया।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने रविवार को मंगन जिले में तीस्ता जलविद्युत परियोजना के पास चुंगथम शहर में खोज और बचाव अभियान जारी रखा।

सुरंग से एक शव बरामद किया गया। लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए तीस्ता नदी पर एक पुल भी बनाया गया है।

बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीम भी खोज और बचाव अभियान चला रही हैं। यह भी कहा कि एनडीआरएफ की दो और टीमें चुंगथम पहुंच गई हैं और खोज तथा बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद वहां कीचड़ और मलबे से अब तक नौ सैनिकों सहित 32 शव बरामद किए गए हैं, जबकि लापता 100 से अधिक लोगों की तलाश जारी है।

 










संबंधित समाचार