हिंदी
पिथौरागढ़: एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स कमेटी पिथौरागढ़ उत्तराखंड ने मुनस्यारी विकासखंड में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में सर्वसम्मति से हर्ष मोहन टोलिया को ब्लॉक संयोजक चुना गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार,बैठक में आपदा प्रभावित और सीमांत गांवों से मुनस्यारी में रहने वाले परिवारों के बच्चों को आरटीई (निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम) के तहत शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रवेश न मिलने की गंभीर समस्या पर चर्चा की गई। इस मुद्दे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उपजिलाधिकारी मुनस्यारी और खंड शिक्षा अधिकारी मुनस्यारी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर इसे जिला और राज्य स्तर पर उठाने पर सहमति बनी।
बैठक में मौजूद एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. किशोर कुमार पंत ने सीमांत विकासखंड में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाले सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के कारण हो रहे पलायन को रोकने में निजी विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों के रवैये पर असंतोष व्यक्त करते हुए आरटीई का समुचित लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए जिला व राज्य स्तर पर विचार-विमर्श की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में वंशीधर जोशी (शिशु मंदिर), कृष्ण कुमार (पब्लिक स्कूल), सत्यवान जंगपांगी (मार्थोमा मिशन स्कूल), नवीन शर्मा (विवेकानंद स्कूल), हर्ष मोहन सिंह टोलिया (सर्वोदय पब्लिक स्कूल मुनस्यारी) सहित अन्य विद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Published : 22 March 2025, 6:13 PM IST
Topics : Dynamite News hindi Uttrakhand Uttrakhand Big News Uttrakhand News Uttrakhand todays News Uttrakhand Trending News