Sameer Rizvi ने बल्ले से मचाया हाहाकार, सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर रचा इतिहास

मेंस की अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी मैच में उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हुए समीर रिजवी ने महज 97 गेंद पर नाबाद 201 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया। डाइनामाइट न्यूज़ पर पढ़िए पूरी खबर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 21 December 2024, 8:33 PM IST

लखनऊ: 21 साल के समीर रिजवी ने घरेलू क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया है। त्रिपुरा के खिलाफ मेंस की अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी मैच में उत्तर प्रदेश की कप्तानी करते हुए रिजवी ने सिर्फ 97 गेंद पर नाबाद 201 रन बनाए। 

त्रिपुरा के गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां

रिजवी की धमाकेदार पारी में 13 चौके और 20 गगनचुंबी छक्के शामिल थे, जिससे त्रिपुरा के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ गईं। रिजवी 23वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए और अकेले दम पर अपनी टीम को 405 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। 

चैड बोवेस का रिकॉर्ड किया ध्वस्त 

लिस्ट ए क्रिकेट में इससे पहले सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के चैड बोवेस के पास था, जिन्होंने 107 गेंद पर यह कारनाम करते हुए भारत के नारायण जगदीशन और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड का संयुक्त रिकॉर्ड तोड़ा था। जगदीशन और हेड दोनों ने क्रमशः विजय हजारे ट्रॉफी और मार्श कप के दौरान 114 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। ​​

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक (गेंद)

  • समीर रिवजी (भारत- यूपी)- 97 गेंद
  • चैड बोवेस (न्यूजीलैंड)- 107 गेंद
  • नारायण जगदीशन (भारत-तमिलनाडु)- 114 गेंद
  • ट्रेविस हेड (ऑस्ट्रेलिया)- 114 गेंद

दिल्ली ने मेगा ऑक्शन में खरीदा

गौरतलब हो कि आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में समीर रिजवी को दिल्ली कैपिटल्स ने 95 लाख रुपये में खरीदा है। पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली के लिए अक्सर सुरेश रैना से तुलना किए जाने वाले रिजवी का आईपीएल का पहला सीजन निराशाजनक रहा, जिसमें उन्होंने 118.60 की स्ट्राइक रेट से पांच पारियों में सिर्फ 51 रन बनाए। CSK ने अनकैप्ड खिलाड़ी को ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था।

Published :  21 December 2024, 8:33 PM IST