हिंदी
नयी दिल्ली: केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की महिला सांसदों ने बृहस्पतिवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार तृणमूल की महिला सांसदों ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिनमें गिरिराज सिंह को बर्खास्त करने की मांग की गई थी।
तृणमूल की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने कहा, ‘‘हमने कल बयान सुना जो पूरी तरह शर्मनाक, नारी विरोधी और पितृ सत्तात्मक था। केंद्रीय मंत्री देश की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री पर टिप्पणी कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्या इस तरह की भाषा का इस्तेमाल होना चाहिए। भाजपा और उसके मंत्रियों के साथ यही समस्या है।’’
मोइत्रा ने आरोप लगाया, ‘‘वे महिलाओं को पसंद नहीं करते। वे महिलाओं को ऊंचे पदों पर नहीं देख सकते। उनके मूल में ही नारी विरोध है।’’
मोइत्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिंह का एक साक्षात्कार साझा किया है, जिसमें उन्हें बनर्जी का उल्लेख करते हुए सुना जा सकता है, ‘‘जश्न मना रही है, ठुमके लगा रही है, ये उचित नहीं है।’’
तृणमूल कांग्रेस के अनेक नेताओं ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शामिल होने पर उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर गिरिराज सिंह की आलोचना की।
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य शांतनु सेन ने बुधवार को सदन में देश की आर्थिक स्थिति पर एक चर्चा के दौरान इस मुद्दे को उठाया था।
तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा में दो महिला सदस्य और लोकसभा में सात महिला सदस्य हैं।
Published : 7 December 2023, 3:30 PM IST
Topics : आपत्तिजनक बयान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह नयी दिल्ली पश्चिम बंगाल प्रदर्शन ममता बनर्जी महिला सांसद संसद भवन परिसर
No related posts found.