हिंदी
बनिहाल/जम्मू: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सेवा बहाल होने के बाद अमरनाथ गुफा मंदिर में ‘बाबा बर्फानी’ के दर्शन के लिए 999 तीर्थयात्रियों का नया जत्था बृहस्पतिवार सुबह भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि रामबन जिले में बुधवार तड़के करीब तीन बजे मारूग के पास भूस्खलन हुआ, जिससे 270 किलोमीटर लंबा राजमार्ग 18 घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। यह कश्मीर को देश के शेष हिस्से से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है।
उन्होंने बताया कि राजमार्ग के सामने की पहाड़ी से बार-बार पत्थर गिरने के कारण सड़क को यातायात के लिए खोलने के कार्य में कई बार बाधा आई। देर शाम वहां फंसे वाहनों को निकालने के लिये राजमार्ग को आंशिक रूप से खोला गया।
यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि फंसे हुए सभी वाहनों को वहां से निकालने के बाद आज सुबह जम्मू और श्रीनगर से यातायात बहाल हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग खुलने के बाद अमरनाथ तीर्थयात्रियों के 37वें जत्थे को सुबह करीब साढ़े तीन बजे 33 वाहनों के काफिले में भगवती नगर आधार शिविर से घाटी के लिए निकलने की अनुमति दी गई।
उन्होंने बताया कि 422 श्रद्धालु गांदरबल जिले में बालटाल आधार शिविर तथा 577 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले में पारंपरिक मार्ग से यात्रा शुरू करने के लिए पहलगाम आधार शिविर जा रहे हैं।
दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा के लिए एक जुलाई से 62 दिवसीय यात्रा शुरू हुई थी और अब तक 4.28 लाख से अधिक श्रद्धालु शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं।
Published : 10 August 2023, 3:57 PM IST
Topics : Amarnath Jammu Srinagar highway pilgrims Traffic जम्मू श्रीनगर बाबा बर्फानी यातायात राष्ट्रीय राजमार्ग
No related posts found.