हिंदी
नई दिल्ली: आज देश की पहली महिला राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवीसिंह पाटिल का जन्मदिन है। श्रीमती प्रतिभा पाटिल भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली भारत की बारहवीं और पहली महिला राष्ट्रपति रहीं। उनको देश में महिला सशक्तिकरण का सबसे सशक्त हस्ताक्षर भी माना जाता है। भारतीय महिलाओं समेत दुनिया की आधी आबादी के लिये वे सदा प्रेरणास्रोत बनीं रहेंगी।
डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिये देश की पहली राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवीसिंह पाटिल के बारे में कुछ खास बातें
बधाइयों का तांता
जन्मदिन के खास मौके पर प्रतिभा देवीसिंह पाटिल को देश की कई हस्तियां और आम लोग सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों के जरिये बधाई दे रहे हैं और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना कर रहे हैं।
भारत को दिलाई नई पहचान
देश की पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने कई क्षेत्रों में अपनी अमिट छाप छोड़ी। कई बड़े व ऐतिहासिक फैसले लिये और भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान भी दिलाई। वह भारत ही नहीं, बल्कि विश्वभर में भी मशहूर रहीं और दुनिया की आधी आबादी की हमेशा आदर्श बनीं रहीं।

25 जुलाई 2007 का बड़ा दिन
प्रतिभा पाटिल को उनके विशेष राजनीतिक जीवन और समाज व राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान के कारण भारत के राष्ट्रपति के रूप में 25 जुलाई 2007 को नियुक्त किया गया। वे इस पद पर 24 जुलाई 2012 तक आसीन रहीं। पांच सालों का उनका कार्यकाल भारत के लिये कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा।
कई वर्जनाओं को तोड़ा
उन्होंने अपने बेहतरीन कार्यों और प्रतिभा के बूते पर देश-विदेश में न केवल अपना बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया। एक पहली महिला के नाते राष्ट्रपति गौरवशाली पद पर आसीन होकर उन्होंने कई वर्जनाओं को भी तोड़ा।
वकील से कैरियर की शुरूआत
महाराष्ट्र के एक साधारण परिवार में जन्मी प्रतिभा पाटिल हमेशा ही विलक्षण प्रतिभा की धनीं रहीं। उन्होंने अपने कैरियर की शुरूआत एक वकील के रूप में की और अपनी प्रतिभा के बूते पर राष्ट्रपति पद तक का सफर हासिल किया। राष्ट्रपति बनने से पहले उन्होंने राजस्थान के राज्यपाल के पद पर भी काम किया।

शिक्षा-दीक्षा और प्रारंभिक जीवन
स्थानीय राजनीतिज्ञ नारायण राव की पुत्री प्रतिभा पाटिल का जन्म 19 दिसंबर, 1934 को महाराष्ट्र के जलगांव जिले के बोडवाडतालुका गांव नदगांव में हुआ था। उन्होंने आरएआर विद्यालय, जलगाँव से अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरी की और सरकारी कानून कॉलेज, मुंबई से कानून में अपनी बैचलर की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने मूलजी जेठा कॉलेज, जलगाँव से राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र मास्टर की डिग्री ली।
टेबल टेनिस खिलाड़ी
प्रतिभा पाटिल को एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में भी जाना जाता है। कॉलेज के दिनों में खेलों में उनकी खूब सक्रियता रही। पाटिल टेबल टेनिस की बहुत अच्छी खिलाड़ी भी रहीं।
राजनीति की प्रेरणा
प्रतिभा पाटिल को राजनीति में कदम रखने की प्रेरणा अपने पिता से मिली। 28 साल के राजनीतिक जीवन में उन्होंने शिक्षा उप मंत्री से लेकर सामाजिक कल्याण मंत्री, पर्यटन और आवास मंत्री समेत कई प्रभावशाली मंत्री के पदों का काम किया।
Published : 19 December 2023, 12:20 PM IST
Topics : Pratibha Devisingh Patil Woman President जन्मदिन नई दिल्ली प्रतिभा देवी सिंह पाटिल भारत महिला राष्ट्रपति महिला सशक्तिकरण
No related posts found.