हिंदी
गंगटोक/सिलीगुड़ी: भारतीय सेना और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के दल बुधवार को लगातार दूसरे दिन सिक्किम में जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर 15 माइल के पास बचाव एवं तलाश अभियान चला रहे हैं ताकि हिमस्खलन के बाद वहां फंसे पर्यटकों का पता लगाया जा सके।
पूर्वी सिक्किम के नाथुला इलाके में मंगलवार को हुए भीषण हिमस्खलन में सात पर्यटकों की मौत हो गई थी, जबकि 13 अन्य घायल हो गए थे। हिमस्खलन के कारण 25-30 पर्यटकों और कई दर्जन वाहनों के बर्फ में फंसे होने की आशंका है। हिमस्खलन से जवाहरलाल नेहरू मार्ग प्रभावित हुआ जो राज्य की राजधानी गंगटोक को चीन की सीमा पर स्थित नाथुला से जोड़ता है।

पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी शहर के निवासी सौरभ रॉय चौधरी (28) उन सात लोगों में से एक थे जिनकी मौत की पुष्टि की गई है।
सिलीगुड़ी के महापौर गौतम देब ने बताया कि रॉय चौधरी का शव पोस्टमार्टम के बाद उनके घर लाया जाएगा।
पूर्वी सिक्किम के जिलाधिकारी तुषार निखाने ने को फोन पर बताया, ‘‘ 15 माइल के पास किसी पर्यटक के बर्फ में फंसे होने का पता लगाने के लिए हमने सुबह करीब आठ बजे से बचाव एवं तलाश अभियान शुरू किया।’’

घायल हुए 13 लोगों को एसटीएनएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनमें से नौ को छुट्टी दे दी, जबकि चार अन्य का इलाज चल रहा है।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार रात एसटीएमएन का दौरा किया और घायल पर्यटकों से बात की। उन्होंने अस्पताल अधिकारियों को घायलों को हरसंभव इलाज मुहैया कराने का आदेश भी दिया।
Published : 5 April 2023, 3:22 PM IST
No related posts found.