बरेली में छात्र की साइकिल सवार ने गोली मारकर की हत्या

बरेली जिले के भमोरा थानाक्षेत्र में रविवार को हाईस्कूल के एक छात्र की एक व्यक्ति ने कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 17 December 2023, 6:14 PM IST
google-preferred

बरेली: बरेली जिले के भमोरा थानाक्षेत्र में रविवार को हाईस्कूल के एक छात्र की एक व्यक्ति ने कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

आंवला के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजकुमार मिश्रा ने बताया कि भमोरा थानाक्षेत्र के गिलौरा का सूर्यांश उर्फ टीटू (16) रविवार दोपहर ढाई बजे अपने बड़े भाई दिव्यांश उर्फ नितिन के साथ मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने बल्लिया के पेट्रोल पंप पर गया था।

उन्होंने बताया कि लौटते समय मोटरसाइकिल सूर्यांश चला रहा था, उसी बीच रास्ते में साइकिल सवार दो लड़कों में से एक ने सूर्यांश को गोली मार दी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मिश्रा ने बताया कि घटना का कारण प्रथम दृष्टिया आपसी रंजिश बताई जा रही है लेकिन अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है। छानबीन के बाद ही हत्या का स्पष्ट कारण बताया जा सकेगा।

सीओ ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए। बड़े भाई नितिन ने वारदात की जानकारी परिजनों को दी। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने वाहन से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी।

मिश्रा के अनुसार पुलिस ने नितिन से वारदात को लेकर पूछताछ की। नितिन ने पुलिस को बताया कि गोली गांव के रुद्र ने चलाई, जबकि उसके साथ नीरज खड़ा था। पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है।

नितिन ने जिला अस्पताल में बताया कि हत्यारोपियों के परिवार वालों ने 10 साल पहले उनके ताऊ राजवीर की भी हत्या की थी, लेकिन तब समझौता हो गया था।

नितिन के अनुसार तभी से आरोपी नाराज थे। उन्हें शक है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

भमोरा थाना प्रभारी का कहना है कि मामला दर्ज किया जा रहा है।

Published : 
  • 17 December 2023, 6:14 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement