मेघालय के खेल विभाग ने स्टेडियम में प्रधानमंत्री मोदी की रैली की अनुमति नहीं दी

मेघालय के खेल विभाग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा के गृह निर्वाचन क्षेत्र दक्षिण तुरा के पी.ए. संगमा स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी रैली आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 20 February 2023, 12:12 PM IST
google-preferred

तुरा (मेघालय): मेघालय के खेल विभाग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा के गृह निर्वाचन क्षेत्र दक्षिण तुरा के पी.ए. संगमा स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी रैली आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

विभाग ने स्थान पर निर्माण कार्यों का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार किया है।

भाजपा ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी), तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर राज्य में ‘‘भाजपा की लहर’’ को रोकने की कोशिश कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी 24 फरवरी को शिलांग और तुरा में चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने वाले हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल तेम्बे ने ‘पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘खेल विभाग ने सूचित किया है कि स्टेडियम में इतनी बड़ी सभा की मेजबानी करना उचित नहीं होगा क्योंकि निर्माण कार्य अभी भी चल रहा है और स्थान पर रखी सामग्री सुरक्षा संबंधी चिंता का विषय हो सकती है।’’

केंद्र द्वारा वहन की गई 90 प्रतिशत धनराशि से 127 करोड़ रुपये की लागत से बने स्टेडियम का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने पिछले साल 16 दिसंबर को किया था।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रितुराज सिन्हा ने कहा कि वह इस बात से हैरान हैं कि कैसे एक स्टेडियम को उद्घाटन के दो महीने बाद ही प्रधानमंत्री की रैली के लिए ‘‘अधूरा और अनुपलब्ध’’ घोषित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘क्या कोनराड संगमा और मुकुल संगमा हमसे (भाजपा) डर गए हैं? वे मेघालय में भाजपा की लहर को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। आप कोशिश कर सकते हैं और प्रधानमंत्री की रैली को रोक सकते हैं लेकिन राज्य के लोगों ने (भाजपा को समर्थन देने का) मन बना लिया है।’’

 

Published : 
  • 20 February 2023, 12:12 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement