हिंदी
हैदराबाद: तेलंगाना के नलगोंडा जिले में घने कोहरे के कारण दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात हुई पहली दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार 20 वर्षीय युवक ने एक पैदल यात्री (50) को टक्कर मार दी, जो वेम्पाडु गांव के पास सड़क पार कर रहा था। इस दुर्घटना में दोनों लोगों की मौत हो गयी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस ने कहा कि कोहरे के कारण मोटरसाइकिल सवार युवक सड़क पार कर रहे पैदल यात्री को नहीं देख सका और उसे टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पैदल यात्री की मृत्यु हो गई जबकि मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गया और कुछ दूरी तक घसीटता हुआ चला गया। बाद में उसकी भी मौत हो गई।
पैदल यात्री और मोटरसाइकिल सवार युवक के शवों को मिर्यालागुडा अस्पताल में भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना की खबर मिलने के बाद, मृतक मोटरसाइकिल सवार के रिश्तेदारों ने मिर्यालागुडा पहुंचने के लिए एक गाड़ी किराए पर ली, लेकिन रास्ते में सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे घने कोहरे के कारण विपरीत दिशा से आ रही एक लॉरी ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इन दुर्घटनाओं के संबंध में निदमनूर पुलिस थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Published : 25 December 2023, 6:50 PM IST
No related posts found.