हिंदी
नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सिरसपुर में तेज आवाज में संगीत बजाने का विरोध करने पर पड़ोसी ने जिस महिला (30) को गोली मारी थी उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पीड़िता गर्भवती थी और गोली मारे जाने के बाद उसका गर्भपात हो गया था।
पुलिस ने बताया कि जिस महिला की गर्दन में गोली लगी थी, वह अभी भी वेंटिलेटर पर है और कोई सुधार नहीं हुआ है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कथित तौर पर महिला को गोली मारने वाले हरीश और उसके दोस्त अमित (जिसकी बंदूक का इस्तेमाल अपराध में किया गया था) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिरसपुर निवासी पीड़िता रंजू को रविवार देर रात घटना के बाद शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण पुलिस अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरीश अपने बेटे के जन्म पर रविवार को तेज आवाज में संगीत बजा रहा था। रंजू ने अपनी बाल्कनी में आकर उससे तेज आवाज में संगीत नहीं बजाने को कहा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि इस पर हरीश ने कथित तौर पर अमित से बंदूक लेकर महिला को गोली मार दी।
Published : 5 April 2023, 8:45 AM IST
Topics : डीजे विवाद नई दिल्ली पड़ोसी मारी गोली संगीत
No related posts found.