हिंदी
शिमला: भूस्खलन के बाद करीब एक हफ्ते तक बंद रहे शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग को मंगलवार को हल्के वाहनों के लिए खोल दिया गया। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने यह जानकारी दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार शिमला को चंडीगढ़ से जोड़ने वाला राजमार्ग हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में धर्मपुर और परवाणू के बीच कोटी के पास चक्की मोड़ पर 2 अगस्त को भूस्खलन के बाद अवरुद्ध हो गया था। सड़क का लगभग 50 मीटर हिस्सा धंस गया था।
यद्यपि सड़क की मरम्मत का कार्य चल रहा था, लेकिन रुक -रुक कर हो रही वर्षा के चलते भूस्खलन के कारण इस काम में बाधा आ रही थी। ऐसे में पुलिस को यातायात वैकल्पिक मार्गों के लिए मोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। सोलन के पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) भीष्म सिंह ठाकुर ने कहा कि सड़क को हल्के वाहनों तथा फल एवं सब्जियां ले जाने वाली गाड़ियों के लिए पूर्वाह्न 11 बजकर 50 मिनट पर खोला गया।
उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति के आधार पर उसे अपराह्न चार बजे बस जैसे यात्री वाहनों तथा बाद में भारी वाहनों के लिए खोला जाएगा। राज्य में 19 जुलाई से वर्षा एवं आकस्मिक बाढ़ के कारण भूस्खलन होने से करीब 220 सड़कें अब भी यातायात के लिये बंद हैं।
Published : 8 August 2023, 6:01 PM IST
Topics : Kalka Shimla खोला गया पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह भूस्खलन शिमला शिमला कालका राष्ट्रीय राजमार्ग हल्के वाहनों
No related posts found.