
भोपाल: मध्य प्रदेश के स्पेशल डीजी, रेल, मनीष शंकर शर्मा का सोमवार को अचानक हार्ट अटैक से दिल्ली में निधन हो गया। उनकी उम्र 58 वर्ष थी। वे स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली गए थे। जहां उन्हें दिल का दौरा पडा और उनकी मृत्यु हो गई।
मनीष शंकर शर्मा के निधन ने पुलिस और प्रशासनिक सर्कल में गहरी शोक की लहर है।
डाइनामाइट न्यूज संवादादता के अनुसार, मनीष शंकर शर्मा 1992 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी थे।
उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और भारत सरकार के साथ-साथ मध्य प्रदेश में भी अहम भूमिकाएं निभाई।साथ ही 1997-1998 में उन्होंने बोस्निया और हर्जेगोविना में सेवाएं दी।
उनके पिता कृपा शंकर मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव रह चुके हैं। मनीष शर्मा ने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय मामलों और सार्वजनिक नीति में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की थी।
उन्हें अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद-रोधी मामलों में विशेष दक्षता प्राप्त थी और उनके पास सरकार के साथ 25 वर्षों का अनुभव था।
मृतक अधिकारी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। उनका अचानक निधन परिवार और सहकर्मियों के लिए एक बड़ा झटका है। मध्य प्रदेश पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
मनीष शंकर शर्मा को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
शर्मा के योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली थी। अमेरिका के सैन डिएगो के मेयर केविन एल.फॅाकनर ने 20 जुलाई को सम्मानित करते हुए इस दिन को हर साल मनीष शंकर शर्मा दिवस के रुप में मनाने की घोषणा की थी। जो उनके अमेरिका-भारत संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों के लिए एक महत्वपूर्ण सम्मान था।
मध्य प्रदेश के CM ने निधन पर शोक जताया
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शर्मा के निधन को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा, "मनीष शंकर शर्मा जी का असामयिक निधन निश्चित ही प्रदेश और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।" उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और शोक-संतप्त परिवार को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निधन पर शोक जताया
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस समाचार को दुखद बताया। उन्होंने कहा, "मनीष शंकर शर्मा जी एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित पुलिस अधिकारी थे, जिन्होंने प्रशासनिक सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन एक बड़ी क्षति है।"
सरकार और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मनीष शंकर शर्मा का अंतिम संस्कार जल्दी ही उनके परिवार द्वारा आयोजित किया जाएगा। उनके असामयिक निधन ने प्रशासनिक और सुरक्षा क्षेत्र में एक बड़ी रिक्तता पैदा की है, जिसे भर पाना बेहद कठिन होगा।
Published : 17 March 2025, 4:04 PM IST
Topics : DynamiteNews Ips Manish Sharma IPSOfficerDeath MadhyaPradesh Manish Shankar Sharma Day MohanYadav MpChiefMinister RashtriyaNews