Site icon Hindi Dynamite News

Security Breach in Parliament: लखनऊ का बैट्री रिक्शा चालक सागर भी संसद सुरक्षा में सेंध लगाने में गिरफ्तार, लोकसभा में मचाया उपद्रव, जानिये क्या कहकर निकला था घर से

देश की संसद की सुरक्षा में सेंध लगाकर लोकसभा में उपद्रव मचाने के मामले में गिरफ्तार 4 आरोपियों में से एक आरोपी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला है। वह कुछ माह पहले ही बेंगलुरु से लौटा था। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में पढ़िये यूपी के इस आरोपी के बारे में
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Security Breach in Parliament: लखनऊ का बैट्री रिक्शा चालक सागर भी संसद सुरक्षा में सेंध लगाने में गिरफ्तार, लोकसभा में मचाया उपद्रव, जानिये क्या कहकर निकला था घर से

नई दिल्ली: देश की संसद की सुरक्षा में सेंध लगाकर लोकसभा में उपद्रव मचाने और स्प्रे छिड़कर सदन के अंदर ‘स्मोक अटैक’ करने के गंभीर मामले में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला सागर शर्मा भी है। संसद में ‘स्मोक अटैक’ के मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो आरोपी अब भी फरार बताये जा रहे हैं। इन सभी के बारे में अब धीरे-धीरे बड़े खुलासे हो रहे हैं। इनमें से एक आरोपी लखनऊ के सागर शर्मा को लेकर चौकाने वाली बातें सामने आई है। 

लोकसभा के दर्शक दीर्घा से सदन में कूदने और अपने जूते के अंदर से स्प्रे निकालकर लोक सभा में पीले रंग की गैस स्प्रे छिड़कने का एक आरोपी सागर शर्मा लखनऊ का रहने वाला है। वह लखनऊ के आलमबाग में रामनगर इलाके में रहता है। उसके पिता का नाम रोशल लाल शर्मा है। बताया जाता है कि रोशन लाल का परिवार पिछले 15 सालों से लखनऊ में रहता है। यह परिवार यहां किराये के घर में रहता है।

रोशल लाल शर्मा के एक पड़ोसी ने बताया कि आरोपी सागर शर्मा और उनके परिवार का व्यवहार सामान्य है। उसके पिता कारपेंटरी का काम करते हैं। आरोपी सागर वह पिछले दो महीनों से ई-रिक्शा चलाता है। वह इसी साल अगस्त 2023 में बेंगलुरू से वापस लखनऊ लौटा था। बेंगलुरू वह काम की तलाश में गया था।

जानकारी के मुताबिक आरोपी सागर शर्मा तीन दिन पहले ही धरना-प्रदर्शन की बात कहकर अपने घर से निकला था। उसने कहा था कि वह धरना-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहा है।

लोकसभा में दर्शक दीर्घा से सदन में कूदकर अफरातफरी मचाने और स्प्रे छिड़कने वाले दो आरोपियों की पहचान मनोरंजन और सागर शर्मा के रूप में की गई। संसद परिसर में प्रदर्शन व नारेबाजी करने और स्प्रे छिड़कने वाले दो आरोपियों की पहचान अमोल और एक युवती नीलम के रूप में की गई। इस साजिश में शामिल 2 आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताये जा रहे हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। 

इस साजिश में शामिल चार आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो आरोपियों की तलाश जारी है। ये सभी आरोपी देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली आये थे। इनका मकसद क्या था और ये क्या किसी संगठन विशेष से जुड़े थे, इसकी जांच पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

Exit mobile version