सपा की साइकिल यात्रा 23 को पहुंचेगी दिल्ली, अखिलेश यादव जंतर-मंतर पर करेंगे स्वागत

डीएन ब्यूरो

यूपी के विभिन्न जिलों में चल रही सपा की ‘सामाजिक न्याय व लोकतंत्र बचाओ’ साइकिल यात्रा का समापन 23 सितंबर को दिल्ली में होगा। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं जंतर-मंतर पर मौजूद रहेंगे और साइकिल सवार सपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ायेंगे। दो जत्थों में चल रही इन यात्राओं को 27 अगस्त और 13 सितंबर को बदायूं सांसद धर्मेंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। डाइनामाइट न्यूज़ पर पूरी खबर..

साइकिल यात्रा की एक झलक
साइकिल यात्रा की एक झलक


नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी द्वारा राष्ट्रीय एकता और लोकतंत्र की मजबूती के लिये उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में चलायी जा रही साइकिल यात्रा 23 सितंबर को देश की राजधानी दिल्ली पहुंचेगी। यूपी के पूर्व सीएम और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं इस साइकिल यात्रा का स्वागत करने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर मौजूद रहेंगे। डाइनामाइट न्यूज़ को मिली जानकारी के मुताबिक इस दौरान कार्यकर्ताओं के एक विशाल सम्मेलन को भी अखिलेश संबोधित करेंगे।

‘सामाजिक न्याय व लोकतंत्र बचाओ’ साइकिल यात्रा के जरिये सपा जनता के बीच सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए नौजवानों को सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत करा रही है।

 

साइकिल यात्रा के एक कार्यक्रम में अखिलेश यादव

 

27 अगस्त को शुरू हुई पहली साइकिल यात्रा 

समाजवादी पार्टी द्वारा इस साइकिल यात्रा की शुरूआत उत्तर प्रदेश में दो चरणों में हुई। पहली साइकिल यात्रा का शुभारंभ पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से 27 अगस्त को किया गया था। जबकि दूसरी यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से 13 सितंबर को शुरू की गयी। दोनों साइकिल यात्राएं 23 सितंबर को दिल्ली में सम्पन्न होंगी।  

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से शुरू की गयी यात्रा का नेतृत्व सपा नेता अतुल प्रधान ने किया। यह यात्रा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नुरपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से शुरू हुई साइकिल यात्रा का नेतृत्व छात्र नेता अभिषेक यादव, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी और पूर्व उपाध्यक्ष आदिल हमजा ने किया। जिस भी जिले से यह यात्रा गुजरी वहां के सपा नेताओं ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे सफल बनाया।

 

साइकिल यात्रा का एक दृश्य

 

यात्रा का उद्देश्य 

समाजवादी पार्टी की इस यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे को लेकर जनता को जागरूक बनाना है। इसके अलावा केंद्र व यूपी की भाजपा सरकार द्वारा जनविरोधी नीतियों को उजागर करना भी है। समाजवादी पार्टी इस यात्रा के जरिये भाजपा की उन नीतियों को भी जनता के सामने ला रही है, जिनको लेकर देश और समाज को गुमराह करने का काम केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। 

 

यात्रा को हरी झंडी दिखाते सांसद धर्मेंद्र यादव

 

बदायूं सांसद धर्मेंद्र यादव ने दिखायी थी हरी झंडी

इस दोनों यात्राओं को हरी झंडी दिखाते समय बदायूं सांसद धर्मेंद्र यादव ने साइकिल यात्रा के माध्यम से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेशों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करें ताकि 2019 में नई क्रांति लिखी जा सके। 










संबंधित समाचार