
नयी दिल्ली: अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख मंदिरों और विभिन्न बाजारों में बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्व) जॉय तिर्की ने कहा, ‘‘किसी को भी कानून व्यवस्था भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मंदिरों और बाजारों में बहुस्तरीय सुरक्षा जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। रात्रि गश्त करने वाले कर्मचारियों को होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं की जांच करने का निर्देश दिया गया है।’’
यह भी पढ़ें: वैष्णो देवी मंदिर की त्रिकुटा पहाड़ियों पर लगी भीषण आग
अयोध्या में सोमवार को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होनी है।
तिर्की ने कहा कि सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने के लिए रविवार को मंदिर न्यासों के सदस्यों की एक बैठक बुलाई गई।
अधिकारी ने कहा, ‘‘प्राचीन हनुमान मंदिर, झंडेवालान मंदिर, बिड़ला मंदिर और कालका जी मंदिर जैसे कई मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह मनाएंगे। हम इन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने की उम्मीद कर रहे हैं। अर्धसैनिक बल भी तैनात किए जाएंगे और किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहेंगे।’’
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश सीमा की तरह म्यांमा से लगी सीमा की सुरक्षा की जाएगी
उन्होंने कहा कि पुलिस के दलों ने सुरक्षा उपायों का जायजा लेने के लिए मंदिरों का दौरा किया है।
तिर्की ने कहा, ‘‘यहां के प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम मंदिरों के नियंत्रण कक्ष से कड़ी निगरानी रखेगी। आदेशों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।’’
चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, खारी बावली, कश्मीरी गेट, नया बाजार, कनॉट प्लेस, लाजपत नगर, सरोजिनी नगर, भागीरथ प्लेस, किनारी बाजार और कई अन्य छोटे-बड़े बाजार राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह मनाने की व्यवस्था कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोहों के लिए सुरक्षा व्यवस्था पहले ही कड़ी कर दी है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी कर रही है और ड्रोन का उपयोग कर रही है।
अधिकारियों ने इससे पहले बताया था कि 22 जनवरी के कार्यक्रम और गणतंत्र दिवस परेड के लिए दिल्ली में 8,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
इस अवसर पर, कर्नाटक के मंगलुरु शहर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मंगलुरु शहर पुलिस आयुक्तालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
Published : 21 January 2024, 8:29 PM IST
Topics : Delhi Police Major Temples markets Ram Mandir Pran Pratistha Ceremony security नयी दिल्ली मंदिर राष्ट्रीय राजधानी सीसीटीवी सुरक्षा