
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी बृहस्पतिवार को राज्य से राज्यसभा की सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
यह भी पढ़ें: देखिये डा. अभिषेक मनु सिंघवी ने बारुद के बारे में क्या कहा..
राज्यसभा चुनाव के लिए सिंघवी के नामांकन दाखिल करने से पहले सुक्खू ने बुधवार शाम को कांग्रेस विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता की।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार बैठक में कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह-प्रभारी तेजिंदर बिट्टू, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह और तीनों निर्दलीय विधायक भी शामिल हुए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी.नड्डा का कार्यकाल दो अप्रैल को समाप्त होने से प्रदेश की एक राज्यसभा सीट रिक्त होगी। कांग्रेस के पास हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों में से 40 के साथ पर्याप्त बहुमत है इसलिए सिंघवी की जीत तय मानी जा रही है।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है, नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 20 फरवरी है।
राज्य की तीनों राज्यसभा सीट फिलहाल भाजपा के पास है। नड्डा के अलावा इंदु गोस्वामी और सिकंदर कुमार राज्य से संसद के उच्च सदन में दो अन्य सदस्य हैं। भाजपा ने नड्डा को इस बार गुजरात से राज्यसभा का टिकट दिया है।
Published : 15 February 2024, 11:36 AM IST
Topics : abhishek manu singhvi Congress Himachal Pradesh rajya sabha अभिषेक मनु सिंघवी कांग्रेस राज्यसभा शिमला सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश