Rajasthan: योगी ने कांग्रेस पर किया बड़ा हमला , तुष्टिकरण की नीति अपनाने का लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने और धार्मिक स्थलों पर पैसा खर्च करने पर प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 16 November 2023, 6:54 PM IST
google-preferred

जयपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने और धार्मिक स्थलों पर पैसा खर्च करने पर प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया।

उन्होंने राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का भी आरोप लगाया और कहा कि केवल डबल इंजन वाली भाजपा सरकार ही विकास को आगे बढ़ा सकती है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने केकड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मुझे बताया गया है कि यहां की सरकार तुष्टिकरण की नीति अपनाती है और धार्मिक स्थलों पर पैसा खर्च करने से रोकती है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रतिबंध लगाती है कि धार्मिक स्थलों पर पैसा खर्च न हो।’’

उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने तुष्टिकरण की हदें पार कर दी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आपने कांग्रेस का पांच साल का कार्यकाल देखा है, आपने वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती भाजपा सरकार का कार्यकाल भी देखा है। दोनों में अंतर है। एक तरफ विकास और सुशासन है तो दूसरी तरफ भ्रष्टाचार, अराजकता, माफियाराज और गुंडागर्दी हावी दिख रही है।’’

उन्होंने कहा 'केवल भाजपा का डबल इंजन ही सुरक्षा की गारंटी दे सकता है और सुशासन का वादा कर सकता है।'

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया का बोलबाला था और माफिया के लिए ही बुलडोजर लाए जाते थे। ‘‘आज जब बुलडोजर चलता है तो माफिया की गर्मी शांत हो जाती है। उन्होंने जनता से जो पैसा लूटा है उसे सरकारी खजाने में रखा जाता है और गरीबों के लिए घर बनाने में उसका इस्तेमाल किया जाता है।’’

राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होना है।

No related posts found.