मुंबई पुलिस के क्यूटीआर कर्मी ने लूटपाट के इरादे से की दो लोगों पर गोलीबारी

डीएन ब्यूरो

ठाणे में दो लोगों पर गोलीबारी करने के आरोप में गिरफ्तार मुंबई पुलिस के त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूटीआर) में तैनात कर्मी ने लूटपाट के इरादे से इस हमले को अंजाम दिया था और उस पर करीब 40 लाख रुपए का कर्ज है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस


ठाणे (महाराष्ट्र):  ठाणे में दो लोगों पर गोलीबारी करने के आरोप में गिरफ्तार मुंबई पुलिस के त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूटीआर) में तैनात कर्मी ने लूटपाट के इरादे से इस हमले को अंजाम दिया था और उस पर करीब 40 लाख रुपए का कर्ज है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मैंडे गांव के निकट एक नकाबपोश व्यक्ति ने मोटरसाइकिल पर सवार रिश्ते के दो भाइयों- अजीज सैयद और फिरोज शेख को 13 अक्टूबर को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने बताया था कि इस मामले में मुंबई पुलिस की क्यूआरटी में तैनात सूरज देवराम डोकरे (37) को अहमदनगर जिले के कोल्हार बस डिपो के पास से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि डोकरे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

जिला ग्रामीण पुलिस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोलीबारी का मकसद लूटपाट करना था।

विज्ञप्ति में बताया गया कि आरोपी ने विभिन्न बैंकों और ऋण देने वाली अन्य संस्थाओं से 40 से 42 लाख रुपये का कर्ज लिया था तथा चूंकि उसे कर्ज चुकाना था और उसे पैसे की जरूरत थी, इसलिए उसने लूटपाट करने की कोशिश की।

ऐसा पता चला है कि आरोपी पहले भी दो बार ठाणे के भिवंडी और अंबाडी गया था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने पहले भी ऐसी किसी घटना को अंजाम दिया था।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस ने गोलीबारी के लिए आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली है।

 










संबंधित समाचार