हिंदी
नयी दिल्ली: भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने गुरुवार को बांहों और सिर पर काली पट्टी बांध कर अपना विरोध जताया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के 18वें दिन विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, सत्यव्रत कादियान, जितेंद्र किन्हा के साथ मौजूद अन्य पहलवानों ने अपने सिर और बाहों पर काली पट्टी बांधी। इस मौके पर पहलवानों के समर्थक भी अपनी बाहों पर काली पट्टी बांधे हुए थे।
इन पहलवानों ने भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण पर महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप लगाया है और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की थी।
बजरंग ने इस मौके पर कहा, ‘‘ बृजभूषण शरण सिंह के विरोध में हम आज काला दिवस मना रहे हैं। हमें अपनी जीत का पूरा भरोसा है क्योंकि हमारी लड़ाई में पूरा देश हमारे साथ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ दिन-ब-दिन हमारा विरोध जोर पकड़ रहा है और हम तब तक लड़ते रहेंगे जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता।’’
भारत किसान यूनियन एकता (आजाद) का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को प्रदर्शनकारी पहलवानों के प्रति अपनी एकजुटता दिखाने के लिए यहां जंतर-मंतर पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में महिलाओं की संख्या अधिक थी।
इसके साथ ही मजदूर अधिकार संगठन (सोनीपत), भगत सिंह यूथ यूनियन (महाराष्ट्र के छात्रों का संगठन) का एक छोटा प्रतिनिधिमंडल भी पहलवानों के समर्थन में यहां पहुंचा था।
Published : 11 May 2023, 7:05 PM IST
No related posts found.