
वायनाड: केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान प्रियंका के साथ कई और सांसद भी मौजूद रहे। प्रियंका गांधी ने गृह मंत्री को वायनाड और केरल के अन्य हिस्सों में आई भयावह बाढ़ से हुई तबाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण न सिर्फ लोगों की जान-माल का भारी नुकसान हुआ है, बल्कि उनकी आजीविका और सामान्य जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
'लोगों पर पड़ा गंभीर प्रभाव'
प्रियंका ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "बाढ़ की वजह से काफी नुकसान हुआ है। हमने गृह मंत्री को राहत कार्यों के लिए जरूरी सहायता की आवश्यकता से अवगत कराया है। प्राकृतिक आपदा के चलते लोगों पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ा है। लोगों के घर, बिजनेस, स्कूल सब कुछ बह गया है। ऐसे में उन्हें रिलीफ फंड की जरुरत है। ऐसे में केंद्र को इसमें हस्तक्षेप करना चाहिए।"
'राजनीति को परे रखते हुए मदद करें'
प्रियंका गांधी ने कहा, "हमने अपील की है कि राजनीति को परे रखते हुए वहां लोगों की जितनी मदद की जाए वो करें। हमने उनसे कहा कि प्रधानमंत्री भी वायनाड गए थे। उन्होंने वहां के पीड़ित लोगों से मुलाकात की थी। अब उन लोगों को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री आए थे तो जरूर कुछ मदद मिलेगी।"
प्रियंका गांधी ने ये भी कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने हमें सकारात्मक भरोसा दिया है।
प्रियंका गांधी की इस पहल को प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कई लोगों की गई थी जान
बता दें कि जुलाई-अगस्त के महीने में केरल के वायनाड को भयावह बाढ़ का सामना करना पड़ा था। इस बाढ़ की वजह से कई लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी। केरल सरकार ने वायनाड के इस बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की थी, लेकिन केंद्र ने इसे ठुकरा दिया था।
Published : 4 December 2024, 7:57 PM IST
Topics : Amit Shah Kerala news ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashEkMulaqat ManojTibrewalAakashIASTopper ManojTibrewalAakashInterview ManojTibrewalAakashJournalist Priyanka Gandhi Priyanka Gandhi met Amit Shah Wayanad