प्रयागराज: IFFCO प्लांट में अमोनिया गैस के रिसाव से 2 अफसरों की मौत, कई कर्मचारियों की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के IFFCO प्लांट में बड़ा हादसा सामने आया है। प्लांट से अमोनिया गैस लीक होने से 2 अफसरों की मौत हो गयी जबकि कई कर्मचारियों की हालत गंभीर है। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट

Updated : 23 December 2020, 9:25 AM IST
google-preferred

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के फूलपुर में स्थित IFFCO प्लांट में बीती रात बड़ा हादसा सामने आया है। इफ्को प्लांट से अमोनिया गैस लीक होने से 2 अफसरों की मौत हो गयी जबकि कम से कम 15 कर्मचारियों की हालत गंभीर है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती कराये गये कर्मचारियों में से भी चार की हालत अत्यंत गंभीर बतायी जा रही है।

अस्पताल में भर्ती कुछ कर्मचारियों की स्थिति गंभीर

जानकारी के मुताबिक फूलपुर में इफको के पी-1 यूनिट में मंगलवार रात 11 बजे एक पाइप में तकनीकी खराबी से अमोनिया गैस लीक हो गयी। इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। वहां मौजूद कर्मचारी बीपी सिंह उसे ठीक करने गए, लेकिन अमोनिया गैस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।  इसके बाद पाइप को ठीक करने गये दूसरे अधिकारी अभयनंदन गैस की चपेट में आ गये। 
गैस के रिसाव से दोनों अधिकारी वहां मूर्छित होकर गिर पड़े। जब तक कुछ कर्मचारी उन्हें बाहर लेकर आते तब तक दोनों अधिकारियों वीपी सिंह और अभयनंदन की मौत हो गई है।

इफको प्लांट में जिस वक्त अमोनिया गैस का रिसाव हुआ. उस समय 100 कर्मचारी प्लांट में काम कर रहे थे। अचानक हुए गैस रिसाव के बाद कंपनी में अफरा-तफरी मच गई।

प्लांट में गैस रिसाव की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एक्सपर्ट ने स्थिति को नियंत्रण में किया। मौके पर पहुंचे एसपी गंगापार धवल जायसवाल, सीओ रामसागर, एसडीएम युवराज सिंह और इफको के यूनिट हेड मोहम्मद मसूद, एक्सपर्ट टीम समेत कई लोग और अधिकारी राहत और बचाव अभियान में लगे रहे।

बताया जा रहा है कि अमोनिया की चपेट में आने से बीमार हुए धर्मवीर सिंह, लालजी, हरिश्चंद्र, अजीत कुशवाहा, अजीत, राकेश कुमार, शिव, काशी, बलवान, अजय यादव, सीएस यादव और आरआर विश्कर्मा को इफको में बने अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बीपी सिंह, अभिनंदन, एसपी राम और राकेश की हालत बिगड़ने पर उन्हें शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
 

Published : 
  • 23 December 2020, 9:25 AM IST

Related News

No related posts found.