छठे चरण में 59 लोकसभा सीटों के लिए मतदान शुरू

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों में 59 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हो गया।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 12 May 2019, 7:16 AM IST

नयी दिल्ली: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों में 59 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हो गया। 

इसके साथ ही त्रिपुरा की पश्चिम त्रिपुरा लोकसभा सीट के 168 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हो रहा है। इस सीट के लिए 11 अप्रैल को मतदान हुआ था लेकिन विपक्षी दलों ने धांधली होने का आरोप लगाते हुए चुनाव रद्द करने की मांग की थी। 

इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार, मध्य प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, दिल्ली की सभी सात और झारखंड की चार सीटों के लिए मतदान हो रहा है। शाम छह बजे तक चलने वाले मतदान के लिए कुल एक लाख 13 हजार 167 मतदान केंद्र बनाए गये हैं जिन पर 10,17,82,472 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें 5,42,60,965 पुरुष, 4,75,18,226 महिलाएं और 3,281 किन्नर मतदाता हैं। इस चरण में कुल 979 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

छठे चरण में चार मुख्यमंत्रियों तथा कुछ केंद्रीय मंत्रियों साहित कई दिग्गजों की चुनावी किस्मत का फैसला होना है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट से दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, भोपाल सीट से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा सोनीपत सीट से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा कांग्रेस के टिकट पर और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आजमगढ़ सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं।

त्रिपुरा पश्चिम सीट पर धांधली का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों ने 1679 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान की मांग की थी, लेकिन चुनाव आयोग ने 168 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीराम तरणीकांति के अनुसार इन केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इसके लिए 1200 निर्वाचन अधिकारियों के साथ 2000 से अधिक अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। इस सीट पर 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। (वार्ता)

Published : 
  • 12 May 2019, 7:16 AM IST

No related posts found.