पंजाब में गोलीबारी में पुलिसकर्मी की मौत, दो अन्य घायल

पंजाब के कपूरथला जिले में ‘निहंगों’ के समूह की गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 23 November 2023, 3:45 PM IST
google-preferred

सुल्तानपुर लोधी:  पंजाब के कपूरथला जिले में ‘निहंगों’ के समूह की गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। 

घटना उस वक्त हुई जब पुलिसकर्मी सुल्तानपुर लोधी में बाबा मान सिंह के नेतृत्व वाले निहंगों के एक गुट द्वारा खाली किए गए गुरुद्वारा अकाल बंगा साहिब में अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कपूरथला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) (मुख्यालय) तेजबीर सिंह हुंडल ने बताया कि पुलिसकर्मी सड़क पर खड़े थे तभी कुछ निहंगों ने उन पर गोलियां चला दीं।

पुलिस ने बताया कि निहंगों ने अंधाधुंध गोलीबारी की।

अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मृतक कांस्टेबल की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

गुरुद्वारा पर कब्जे को लेकर निहंगों के दो गुटों में विवाद है।

बाबा मान सिंह के नेतृत्व वाले एक गुट के प्रति निष्ठा रखने वाले कुछ निहंगों ने मंगलवार को गुरुद्वारे पर कब्जा करने की कोशिश की और कथित तौर पर बाबा बुड्ढा दल के संत बलबीर सिंह के नेतृत्व वाले दूसरे गुट के दो निहंगों की पिटाई की।

बुधवार को उन्होंने बुसोवल गांव में एक बार फिर बाबा बुड्ढा दल के व्यक्तियों पर कथित रूप से हमला किया।

इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की। बाबा मान सिंह गुट से जुड़े 10 निहंगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

कपूरथला की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वत्सला गुप्ता सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।

‘निहंग’ सिख पारंपरिक हथियारों से लैस होते हैं और वे नीले रंग का लिबास पहनते हैं।

Published : 
  • 23 November 2023, 3:45 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement