पीएम मोदी ने भोपाल में पांच वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, भाजपा कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, जानिये संबोधन की खास बातें

डीएन ब्यूरो

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों के अहम शहरों को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद यहां भाजपा के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं।’’ पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाते पीएम मोदी
वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाते पीएम मोदी


भोपाल: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तय किया है कि वह तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति के बजाए ‘‘संतुष्टिकरण’’ के रास्ते पर चलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों के अहम शहरों को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद यहां भाजपा के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं।’’

मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं।

मोदी ने कहा कुछ लोगों द्वारा अपनाई गई तुष्टीकरण की नीति देश के लिए ‘‘विनाशकारी’’ है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने तय किया हमें तुष्टिकरण या वोट बैंक के रास्ते पर नहीं चलना है। हम मानते हैं कि देश का भला करने का रास्ता तुष्टिकरण नहीं है। सच्चा रास्ता है, संतुष्टिकरण...। जहां भी भाजपा की सरकार है वहां हम संतुष्टिकरण के रास्ते पर हैं; यह मेहनत वाला रास्ता होता है, पसीना बहाना पड़ता है।’’

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पीएम मोदी

उन्होंने इस कार्यक्रम के जरिए देशभर में भाजपा के करीब दस लाख बूथ कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि यहां तक कि उच्चतम न्यायालय ने भी समान नागरिक संहिता की वकालत की है लेकिन वोट बैंक की राजनीति करने वाले लोग इसका विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान भी देश के लोगों के लिए समान अधिकारों की बात करता है।

उन्होंने यह भी कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण पसमांदा ( सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े मुसलमान) मुसलमानों के साथ बराबरी का व्यवहार नहीं भी नहीं किया जाता है हालांकि सरकार ने बिना किसी भेदभाव के वंचितों (पसमांदा मुस्लिमों सहित) के लिए काम किया है।

मोदी ने कहा कि भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में मध्य प्रदेश की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम वातानुकूलित दफ्तरों में बैठकर आदेश जारी नहीं करते, हम प्रतिकूल मौसम में जनता के बीच जाते हैं।’’

भाजपा का मानना है कि वह 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले मुसलमानों में अपनी पैठ बनाने की स्थिति में है। पिछले साल उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ और रामपुर की मुस्लिम बहुल सीटों पर लोकसभा उप चुनावों में जीत से पार्टी का हौसला बढ़ा है।

मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, दक्षिण भारत, खासकर केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु और कई अन्य राज्यों में तुष्टीकरण की नीति के कारण कई जातियां विकास से पीछे रह गईं।

समान नागरिक संहिता के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय मुसलमानों को यह समझना होगा कि कौन से राजनीतिक दल उन्हें भड़काकर उनका फायदा लेने के लिए उनको बर्बाद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम देख रहे हैं समान नागरिक संहिता के नाम पर लोगों को भड़काने का काम हो रहा है। एक घर में परिवार के एक सदस्य के लिए एक कानून हो, दूसरे के लिए दूसरा, तो क्या वह परिवार चल पाएगा। फिर ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा? हमें याद रखना है कि भारत के संविधान में भी नागरिकों के समान अधिकार की बात कही गई है।’’

मोदी ने कांग्रेस सहित राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), तृणमूल कांग्रेस आदि विपक्षी दलों के परिवार के नाम लेते हुए कहा कि अगर आप(मतदाता) अपने बेटे, बेटियों और पोते पोतियों का कल्याण चाहते हैं तो भाजपा को वोट दें किसी परिवार-उन्मुख पार्टी को नहीं।

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता में वापस आने का विश्वास जताते हुए मोदी ने कहा, ‘‘ लोगों ने 2024 में भाजपा को फिर से सत्ता में लाने का मन बना लिया है। इस वजह से ये सारे विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं।’’

अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों के एक साथ आने के प्रयासों के संबंध में एक कार्यकर्ता द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मोदी ने कहा, ‘‘ ऐसे लोगों पर गुस्सा मत कीजिए, दया कीजिए।’’

उन्होंने कहा कि आजकल एक नया शब्द सुनने को मिल रहा है वह है ‘‘गारंटी’’।

मोदी ने विपक्षी दलों के कथित घोटालों की लंबी सूची गिनाते हुए कहा कि ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं की यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि वे लोगों को बताएं कि असल में ये विपक्षी दल किस चीज की गारंटी हैं? यह सारे लोग, दल (विपक्षी) गारंटी हैं, भ्रष्टाचार कर लाखों करोड़ रुपये के घोटाले की। ये सारे मिलकर कम से कम 20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटी हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘वह भी एक गारंटी देते हैं कि यदि उनकी (विपक्षी दल) घोटालों की गारंटी है तो मोदी की भी हर घोटालेबाज पर कार्रवाई की गारंटी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जिसने गरीब को, देश को लूटा उसका हिसाब तो होकर रहेगा। आज कानून का डंडा चल रहा है, सलाखें सामने दिख रही हैं, तब यह जुगलबंदी दिख रही है। इनका न्यूनतम साझा कार्यक्रम भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई से बचने का ही है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि तीन तलाक का समर्थन करने वाले वोट बैंक के ‘भूखे’ लोग मुस्लिम बेटियों के साथ घोर अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘तीन तलाक से नुकसान सिर्फ बेटियों का नहीं होता, इसका दायरा बड़ा होता है उनके परिवार का भी नुकसान होता है। मिस्र में 80-90 साल पहले तीन तलाक खत्म कर दिया गया था। दुनिया के अनेक मुस्लिम बहुल देशों ने तीन तलाक बंद कर दिया है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘तीन तलाक इस्लाम का जरुरी अंग है तो यह पाकिस्तान, कतर, जॉर्डन, इंडोनेशिया जैसे देशों में क्यों नहीं है। वहां क्यों बंद कर दिया गया। मैं समझता हूं कि मुसलमान बेटियों पर तीन तलाक का फंदा लटका कर उन पर अत्याचार की खुली छूट चाहते हैं। ये इसलिए उसका समर्थन करते हैं। मैं जहां जाता हूं मुस्लिम बहनें भाजपा और मोदी के साथ खड़ी रहती हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ भारत के मुसलमान भाई-बहनों को यह समझना होगा कि कौन से राजनीतिक दल उनको भड़काने का काम कर रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत को विकसित देश बनाने के लिए गांवों का विकास जरूरी है। हमारा मकसद कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। कुछ लोग अपनी पार्टी के लिए ही जीते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार और ‘कमीशन’ में हिस्सेदारी मिलती है।’’










संबंधित समाचार