तिब्बत में ट्रांस-हिमालय फोरम की बैठक में हिस्सा लेंगे पाकिस्तान के विदेश मंत्री जिलानी

पाकिस्तान के अंतरिम विदेश मंत्री जलील अब्बास जिलानी 4-5 अक्टूबर को तिब्बत में आयोजित होने वाले तीसरे ट्रांस-हिमालय फोरम फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन में भाग लेने के लिए चीन की यात्रा करेंगे। यहां मीडिया की एक खबर से यह जानकारी मिली। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 3 October 2023, 4:17 PM IST
google-preferred

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अंतरिम विदेश मंत्री जलील अब्बास जिलानी 4-5 अक्टूबर को तिब्बत में आयोजित होने वाले तीसरे ट्रांस-हिमालय फोरम फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन में भाग लेने के लिए चीन की यात्रा करेंगे। यहां मीडिया की एक खबर से यह जानकारी मिली।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक फोरम की बैठक तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के ल्हासा से 400 किलोमीटर पूर्व में स्थित निंगची में आयोजित होने वाली है। यह स्थान अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग जिले के उत्तर में, और बहुत करीब स्थित है।

पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ (एपीपी) ने सोमवार को विदेश कार्यालय के हवाले से बताया, ‘‘विदेश मंत्री चीन के विदेश मंत्री वांग यी के विशेष आमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं।’’

खबर में कहा गया है कि ट्रांस-हिमालय फोरम की शुरुआत 2018 में भौगोलिक सम्पर्क, पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिकी संरक्षण और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर क्षेत्र के देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग मजबूत करने के लिए की गई थी।

फोरम के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आखिरी बैठक 2019 में चीन में कोविड-19 महामारी फैलने और दुनिया भर में लॉकडाउन लगने से पहले आयोजित की गई थी।

इस वर्ष फोरम का विषय ‘‘पारिस्थितिक सभ्यता और पर्यावरण संरक्षण’’ है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि विदेश मंत्री जिलानी ट्रांस-हिमालय फोरम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे। इस मौके पर वह मंगोलिया के उप प्रधानमंत्री, चीन के विदेश मंत्री और अफगानिस्तान के अंतरिम विदेश मंत्री सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे।

 

Published : 
  • 3 October 2023, 4:17 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement