दूसरे दलों को भाजपा से सीखना चाहिए कैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यवहार किया जाता है: शाह

कांग्रेस पर अपने वरिष्ठ नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को उनके जन्मदिन पर सम्मानित किया, वह कुछ ऐसा है जो सभी राजनीतिक दलों को सीखना चाहिए कि ऐसे नेताओं के साथ कैसे व्यवहार किया जाता है।पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 3 March 2023, 4:11 PM IST
google-preferred

बीदर (कर्नाटक): कांग्रेस पर अपने वरिष्ठ नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को उनके जन्मदिन पर सम्मानित किया, वह कुछ ऐसा है जो सभी राजनीतिक दलों को सीखना चाहिए कि ऐसे नेताओं के साथ कैसे व्यवहार किया जाता है।

शाह ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अपने नेताओं का अपमान किया है, चाहे वह एस निजलिंगप्पा हों या पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र पाटिल।

उन्होंने दावा किया कि केवल भाजपा ही जानती है कि पार्टी के वरिष्ठों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार कैसे किया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में कर्नाटक में थे और जिस तरह से उन्होंने लोगों के सामने येदियुरप्पा का अभिनंदन किया, वह कुछ ऐसा है जो सभी राजनीतिक दलों को सीखना चाहिए। उन्हें सीखना चाहिए कि अपने बुजुर्गों, वरिष्ठों और लोकप्रिय नेताओं का सम्मान कैसे किया जाए।’’

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला करते हुए शाह ने कहा, ‘‘राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को क्या हो गया है? वे नारे लगा रहे हैं कि ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’। आम आदमी पार्टी भी ‘मर जा मोदी’ के नारे लगा रही है।’’

शाह ने कहा कि इस तरह की नारेबाजी से काम नहीं चलेगा क्योंकि प्रधानमंत्री को लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है।

उन्होंने कहा, ‘‘आप जितना कीचड़ उछालोगे, कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) और खिलेगा।’’

शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और जनता दल (सेक्यूलर) वंशवादी पार्टियां हैं और वे कर्नाटक के लोगों का कभी भला नहीं कर सकते।

कर्नाटक में मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।

 

Published : 
  • 3 March 2023, 4:11 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement