
चंड़ीगढ़: नायब सिंह सैनी (Naib Singh Saini) आज गुरुवार को दोबारा हरियाणा (Haryana) के सीएम (CM) की कमान संभालेंगे। पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में शपथ (Oath) लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister), गृहमंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और नेता शामिल होंगे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार सैनी के साथ 10 से 12 मंत्री शपथ ले सकते हैं।
जानकारी के अनुसार विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव की मौजूदगी में बुधवार को विधायक कृष्णकुमार बेदी ने सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा। वरिष्ठ नेता व विधायक अनिल विज ने इसका अनुमोदन किया। सभी विधायकों ने ध्वनिमत से सैनी के नाम पर मुहर लगा दी।
इसके बाद सैनी ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। सैनी ने उन्हें 48 विधायकों की सूची सौंपी। तीन निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल, राजेश जून व देवेंद्र कादियान ने भी राज्यपाल को भाजपा सरकार को समर्थन देने का पत्र सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की।
ये दिग्गज रहेंगे मौजूद
पंचकूला में होने वाले इस समारोह में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उनके उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
नायब सिंह सैनी
अंबाला के एक गांव में पैदा हुए नायब सिंह सैनी हिंदुत्व की विचारधारा से प्रभावित रहे हैं। वो राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से भी जुड़े रहे हैं। सैनी के संसदीय राजनीति के करियर की शुरुआत 2010 के विधानसभा चुनाव से हुई। इस चुनाव में उन्होंने नरायाणगढ़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद उन्होंने अगला विधानसभा चुनाव फिर नारायणगढ़ से ही लड़ा। इस बार उन्हें जीत मिली। इसके बाद वो मनोहर लाल खट्टर की सरकार में राज्य मंत्री बनाए गए। इसके बाद 2019 के चुनाव में बीजेपी ने उन्हें कुरुक्षेत्र से लोकसभा चुनाव का टिकट दिया। इस चुनाव में भी उन्हें जीत मिली।
अगर आप युवा है और नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आप हमारी 'युवा डाइनामाइट' को विजिट कर सकते हैं।
https://www.yuvadynamite.com/
खबर अपडेट हो रही है...
Published : 17 October 2024, 8:20 AM IST
Topics : chief minister Haryana Naib Singh Saini Oath Ceremony चंडीगढ़ नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री शपथ हरियाणा