त्रिपुरा में मतदाताओं की संख्या बढ़कर हुई 28.56 लाख, लिंगानुपात में हुआ सुधार

मतदाता सूची की समीक्षा के बाद त्रिपुरा में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 28.56 लाख हो गई है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 6 January 2024, 1:37 PM IST
google-preferred

अगरतला: मतदाता सूची की समीक्षा के बाद त्रिपुरा में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 28.56 लाख हो गई है। चुनाव अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी यूजी मोग ने पीटीआई-भाषा को बताया कि 32,218 लोगों के नाम सूची में जोड़े गए हैं, जबकि 13,231 मतदाताओं के नाम उनकी मृत्यु के कारण हटा दिए गए हैं।

इस महीने के पहले दिन तक की नवीनतम मतदाता सूची के अनुसार, राज्य में 28,56,925 मतदाता हैं। इनमें से 14,35,172 पुरुष, 14,21,679 महिलाएं और 74 ट्रांसजेंडर हैं।

राज्य में 60 विधानसभा क्षेत्रों की सूची की समीक्षा में राज्य में मतदाताओं की संख्या में 18,987 ( 0.66 फीसदी) की वृद्धि हुई है।

मोग ने बताया कि मतदाता सूची में लिंगानुपात में भी सुधार हुआ है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उन्होंने जानकारी दी कि अंतिम मतदाता सूची में लिंगानुपात 989 से बढ़कर 991 हो गया है, जो उत्साहजनक है।

बदरघाट विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 62,723 मतदाता हैं और सिमना सीट पर सबसे कम 38,974 मतदाता हैं। दोनों पश्चिम त्रिपुरा में स्थित हैं।