कश्मीर में रात का तापमान गिरा, घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान

कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में लगातार दूसरी रात न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सोमवार को सुबह घने कोहरे के कारण घाटी में दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 25 December 2023, 2:07 PM IST
google-preferred

श्रीनगर: कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में लगातार दूसरी रात न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सोमवार को सुबह घने कोहरे के कारण घाटी में दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। 

उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इससे पिछली रात के शून्य से नीचे 2.1 डिग्री के तापमान से थोड़ा कम है।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे पिछली रात को पारा शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, कश्मीर घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा।

पहलगाम, वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में शुमार है।

अधिकारियों ने बताया कि बारामूला जिले के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि कोकेरनाग में पारा शून्य से 1.6 डिग्री नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि महीने के अंत तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

श्रीनगर में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

सुबह सड़कों पर यातायात सामान्य से हल्का रहा जबकि दृश्यता कम होने के कारण वाहन धीमी गति से चलते दिखे।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार स्थानीय मौसम कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘श्रीनगर में सुबह साढ़े आठ बजे कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता 91 मीटर थी। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलानी चाहिए।’’

श्रीनगर हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में खराब दृश्यता के कारण दिल्ली से कुछ उड़ानों में देरी हुई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें इस ओर से कोई समस्या नहीं है लेकिन दिल्ली में घने कोहरे के कारण श्रीनगर आने वाली कुछ उड़ानों में देरी हो रही है।’’

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली में पालम के आसपास दृश्यता शून्य थी।

Published : 
  • 25 December 2023, 2:07 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement