हिंदी
नई दिल्ली: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने इस साल मार्च में लंदन में भारतीय उच्चायोग में हिंसक प्रदर्शन करने और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान करने में आम लोगों से मदद मांगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एनआईए के प्रवक्ता ने 19 मार्च को हुई घटना के पांच वीडियो के लिंक अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किए और लोगों से फुटेज में देखे गए व्यक्तियों के बारे में कोई भी जानकारी एनआईए को उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
एजेंसी ने दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ से जांच अपने हाथ में ली, जिसने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान की रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था, क्योंकि इसमें विदेश में भारतीय नागरिकता रखने वाले कुछ लोगों द्वारा की गई अवैध गतिविधियां शामिल हैं।
खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने लंदन में 19 मार्च को भारतीय उच्चायोग में तोड़फोड़ की और तिरंगा उतारने का प्रयास किया। यह प्रदर्शन पंजाब पुलिस द्वारा खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब में कार्रवाई शुरू करने के एक दिन बाद हुआ था।
Published : 12 June 2023, 9:23 PM IST
No related posts found.