हिंदी
बेंगलुरु: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य में पार्टी को करारा जवाब देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वह बूथ स्तर से पार्टी को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार भाजपा ने शुक्रवार को दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के छोटे बेटे विजयेंद्र (47) को अपनी राज्य इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया था। वह अब तक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष थे।
विजयेंद्र से पूछा गया कि क्या भाजपा कार्यकर्ता कथित तौर पर इस डर से आंदोलन के लिए आगे नहीं आ रहे कि कांग्रेस सरकार उनके खिलाफ मामले दर्ज कर सकती है, इसपर उन्होंने कहा 'भाजपा कार्यकर्ताओं का किसी संघर्ष या आंदोलन से पीछे हटने का कोई उदाहरण नहीं है। यह हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं के रक्त में है, डरने और भागने का कोई प्रश्न ही नहीं है।'
उन्होंने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''कांग्रेस के लोग चाहे कितने भी मुखर हों, हमारे कार्यकर्ता ऐसी चीजों से आगे बढ़कर पार्टी को संगठित करेंगे और हम आगामी लोकसभा चुनाव में इसका समुचित जवाब देंगे।'' उन्होंने अपने कार्यकाल के पहले दिन यहां गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के बूथ अध्यक्ष के आवास पर जाकर अपनी गतिविधियों की शुरुआत की।
Published : 11 November 2023, 5:46 PM IST
No related posts found.