कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बीच अशोक गहलोत का बड़ा बयान, नये पार्टी अध्यक्ष और राहुल गांधी के लेकर कही ये बात

डीएन ब्यूरो

राजधानी दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है। इस बैठक से ठीक पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बड़ा बयान सामने आया है। पढ़िये पूरी रिपोर्ट

सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक
सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक


नई दिल्ली: पांच राज्यों में संपन्न हुए विधासभा चुनावों में कांग्रेस ने बड़ी शिकस्त के साथ पंजाब में अपनी सत्ता गंवा दी है और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी उसे करारी हार का सामना करना पड़ा है। चुनाव नतीजों के बाद आज दिल्ली में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है। इस बैठक से ठीक पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कांग्रेस के नये अद्यक्ष और राहुल गांधी को लेकर एक बड़ा बयान सामने आया है।

दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के कई शीर्ष नेता उपस्थित

पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों में चारों खाने चित रही कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर भी सवाल उठाये जा रहे हैं। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक और  इन्ही सवालों के बीच पार्टी वरिष्ठ नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व पर कोई सवाल नही उठाया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमान राहुल गांधी को ही संभालनी चाहिए। जहां तक विधानसभा चुनावों में हार का सवाल है तो इस पर मंथन किया जाना जरूरी है।

अशोक गहलोत ने साफ कहा कि पंजाब अंदरूनी लड़ाई की वजह से कांग्रेस को वहां हार का सामना करना पड़ा। पंजाब में (पूर्व) मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बीच खुलकर घमासान हुआ था। 

एक टीवी चैनल को दिये बयान में अशोक गहलोत ने कहा कि लोगों को कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई अच्छी नहीं लगी। बीजेपी की तरफ इशारा करते हुए गहलोत ने कहा कि चुनाव में हर कोई हिस्सा लेता है। लेकिन अगर ध्रुवीकरण, जातिवाद और धर्म के नाम पर राजनीति होती है तो इसी तरह के नतीजे आते हैं। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। आखिर में जीत सचाई की होगी।

बता दें कि आज दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई सीडब्ल्यूसी बैठक की बैठक हो ही है, सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन समेत कई बड़े नेता शामिल हैं।

माना जा रहा है कि इस बैठक में उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के चुनावों में मिली हार के कारणों पर भी मंथन किया जायेगा और पार्टी आगे के लिये रणनीति बनायेगी। 










संबंधित समाचार