मुंबई बारिश: मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिये ‘येलो’ अलर्ट की चेतावनी जारी की

मुंबई और उसके आसपास के उपनगरों में पिछले एक सप्ताह से जारी हल्की बारिश के बाद शुक्रवार को मध्यम से भारी बारिश हुई, जिसके कारण कुछ स्थानों पर जलजमाव होने से यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 14 July 2023, 7:23 PM IST
google-preferred

मुंबई: मुंबई और उसके आसपास के उपनगरों में पिछले एक सप्ताह से जारी हल्की बारिश के बाद शुक्रवार को मध्यम से भारी बारिश हुई, जिसके कारण कुछ स्थानों पर जलजमाव होने से यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नगर निकाय के एक अधिकारी के मुताबिक, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए मुंबई के लिये 'येलो' अलर्ट की चेतावनी जारी की है।

अधिकारी के मुताबिक, अगले पांच दिनों के लिये जारी 'जिला पूर्वानुमान और चेतावनी' में, आईएमडी ने मुंबई के लिए पूर्वानुमानित 'ग्रीन' अलर्ट को बदलकर 'येलो' अलर्ट कर दिया है।

मुंबई में सुबह से ही मध्यम से भारी बारिश हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि उपनगरों की तुलना में शहर में बारिश तेज थी।

अधिकारी के मुताबिक, सुबह से मुंबई में बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है।

रेलवे के अधिकारियों ने दावा किया कि उपनगर में ट्रेन निर्धारित समय पर संचालित हो रही हैं, जबकि यात्रियों ने सेवाओं में 10 से 15 मिनट के विलंब होने की शिकायत की।

अंधेरी सब-वे के आसपास बारिश का पानी जमा होने के कारण सुबह करीब पौने नौ बजे वहां यातायात रोक दिया गया था।

मुंबई यातायात पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर खाते पर जानकारी दी, ‘‘जलजमाव के कारण अंधेरी सब-वे को बंद कर दिया गया है और यातायात को विले पार्ले पुल तथा कैप्टन गोर मार्ग एसवी रोड की ओर मोड़ दिया गया है।’’

बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) के एक प्रवक्ता ने बताया कि सायन में साधना विद्यालय के पास पेड़ गिरने के कारण परिवहन निकाय ने करीब छह मार्गों पर अपनी बसों का मार्ग बदला।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई तथा इसके पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे के बीच 24 घंटे की अवधि में क्रमशः क्रमशः 19.21 मिमी, 32.22 मिमी और 37.50 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अधिकारियों के अनुसार, मौसम विभाग ने शहर में शनिवार और रविवार के लिए लिए 'ग्रीन' अलर्ट तथा सोमवार और मंगलवार के लिए 'येलो' अलर्ट चेतावनी जारी की है।

आईएमडी ने पालघर जिले के साथ-साथ ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए भी 'येलो' अलर्ट चेतावनी जारी की है।

मुंबई में पिछले सप्ताहांत से बारिश की तीव्रता कम हुई है। शहर में पिछले कुछ दिन में कभी धूप खिली, तो कभी बादल छाए रहे। इस दौरान हल्की से भारी वर्षा भी हुई।

 

Published : 

No related posts found.