हिंदी
मुंबई: बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हादसे में घायल दो लोगों की हालत गंभीर है।
जोन-9 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कृष्णकांत उपाध्याय ने कहा कि टोयोटा इनोवा कार ने सबसे पहले उस टोल बूथ से लगभग 100 मीटर पहले एक अन्य कार को टक्कर मारी, जो उत्तर की ओर जाने वाले सी लिंक के बांद्रा छोर पर स्थित है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उन्होंने बताया कि कार के चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और वाहन की रफ्तार और तेज कर दी।
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे ही इनोवा टोल बूथ पर पहुंची, उसने कई अन्य कारों को टक्कर मार दी, जिससे नौ लोग घायल हो गए। बाद में उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया गया।”
उपाध्याय ने बताया कि कार के चालक समेत छह घायलों का इलाज किया जा रहा है और इनमें से दो की हालत गंभीर है।
उन्होंने बताया कि सी लिंक पर हुए इस हादसे में इनोवा के अलावा पांच और वाहन शामिल थे।
उपाध्याय के अनुसार, हादसे के समय इनोवा में चालक समेत सात लोग सवार थे।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर इनोवा के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Published : 10 November 2023, 11:21 AM IST
Topics : Hits Multiple Vehicles Mumbai Accident six died Speeding car छह घायल तीन की मौत तेज रफ्तार कार मारी टक्कर मुंबई सड़क हादसा
No related posts found.