हिंदी
लखनऊ: लोकनिर्माण राज्य मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह का समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं को कथित रूप से धमकी देते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सहारनपुर की देवबंद सीट से भाजपा विधायक सिंह ने मंगलवार को सहकारी विकास समितियों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों के सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए सपा कार्यकर्ताओं को कड़ी चेतावनी दी।
उन्होंने कहा ''उनको बताना चाहता हूं और फिर से चेतावनी दे रहा हूं कि यदि ब्रजेश सिंह और भारतीय जनता पार्टी के एक भी कार्यकर्ता की तरफ आंख उठायी तो जवाब उसी भाषा में देना जानता हूं। कोई गलतफहमी हो तो उसे निकाल दो।''
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार सपा के गुंडे—माफिया तत्वों को मिट्टी में मिलाकर दम लेगी।
उन्होंने सहकारी समितियों के चुनावों को महज ट्रेलर बताते हुए कहा, ''मैं फिर कहा रहा हूं, यह चुनाव सिर्फ ट्रेलर है।''
लोकनिर्माण राज्य मंत्री कुंवर ब्रजेश सिह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
इस बीच, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक संजय गर्ग ने बृजेश सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि घमण्ड ईश्वर को भी पसन्द नहीं है। जनता वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का काम करेगी।
Published : 22 March 2023, 8:31 PM IST
No related posts found.