हिंदी
श्रीनगर: कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में काफी सुधार देखा गया जिससे यहां के निवासियों को जबरदस्त ठंड से थोड़ी राहत मिली। हालांकि, घाटी में घने कोहरे की चादर छाई रही।
उत्तर कश्मीर में गुलमर्ग एकमात्र ऐसा स्थान रहा जहां का न्यूतनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि एक रात पहले न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस था।
उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर में घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सोमवार सुबह घाटी में घने कोहरे की चादर छाई रही। लेकिन कोहरे के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर हवाई यातायात पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।
मौसम विभाग ने कहा है कि कश्मीर में मंगलवार तक कई जगहों पर हल्का से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर बादल छाए रहेंगे और मंगलवार तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने या बर्फबारी की संभावना है।
बुधवार से दो दिनों तक कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश या आकाशीय बिजली गिरने और काफी स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
Published : 27 November 2023, 7:17 PM IST
Topics : कश्मीर कोहरे जबरदस्त ठंड न्यूनतम तापमान श्रीनगर सुधार
No related posts found.