हिंदी
भावनगर: गुजरात में भावनगर जिले के वल्लभीपुर तालुका में बृहस्पतिवार को मिनी-ट्रक के पलट जाने से कम से कम छह खेतिहर मजदूरों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं।
वल्लभीपुर के पुलिस उपनिरीक्षक पी.डी. जाला ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पशुओं का चारा ले जा रहा मिनी ट्रक टायर फटने के कारण सड़क किनारे पलट गया।
उन्होंने कहा कि वाहन पड़ोसी बोटाड जिले के एक गांव से हरा चारा लादकर भावनगर शहर की ओर जा रहा था।
जाला ने कहा कि 14 खेतिहर मजदूर चारे के ढेर पर बैठे हुए थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जब मिनी-ट्रक वल्लभीपुर के मेवासा गांव के पास पहुंचा, तो उसका एक टायर फट गया। चालक के नियंत्रण खो देने के कारण वाहन सड़क से नीचे जा गिरा।’’
जाला ने कहा कि इस हादसे में दो महिलाओं सहित छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Published : 30 March 2023, 9:25 PM IST
No related posts found.